सूखा रहा जून का महीना: बीते एक साल की तुलना में अधिक गर्म रहा जून, बादल भी रहे नाराज; पढ़ें पूर्वानुमान
जून में दिल्ली गर्म और सूखा रहा। 1 से 3 जुलाई तक बारिश का येलो अलर्ट है। जुलाई में देशभर में कम बारिश की आशंका है। विस्तार से पढ़ें पूर खबर-
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में बीते एक साल की तुलना में इस बार जून का महीना अधिक गर्म रहा। इस दौरान बादल भी नाराज रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आकंड़ों पर नजर डालें तो, जून 2025 महीने का औसत अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, इस बार यह 39.1 डिग्री रहा। दूसरी ओर, बारिश की बात करें तो इस बार जून माह में 32.92 एमएम बारिश दर्ज की गई। साथ ही, बरसात के दिनों की संख्या चार रही। बीते जून 2025 में 107.02 और जून 2024 में 243.4 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। ऐसे में इस बार जून महीना सूखा रहा।
दिल्ली में अगले छह दिन मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 1 से 6 जुलाई के बीच मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। वहीं, मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नए पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इसका असर देर रात या फिर 3 जुलाई की सुबह देखने को मिल सकता है। इन दिनों आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
दो दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि 1 जुलाई को तापमान घटकर 35 से 37 डिग्री और 2 जुलाई को 34 से 36 डिग्री तक रहने का अनुमान है। इन दोनों दिन आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन तीन दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 4, 5 और 6 जुलाई को भी मौसम इसी तरह बना रहेगा। अधिकतम 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
अलर्ट के बाद भी नहीं बरसे बदरा, गर्मी से परेशान दिखे दिल्लीवासी
दिल्ली में मंगलवार दिन के सुबह की शुरुआत सुहावने मौसम से हुई। तड़के ही आसमान में काले बादल ने डेरा जमा लिया था। इससे लोगों को गर्मी से फोरी राहत मिली। लेकिन, यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं रही। दोपहर करीब एक बजे मौसम ने करवट ली और तेज धूप के कारण लोग गर्मी से परेशान हो गए। दोपहर होते-होते गर्मी का असर और बढ़ गया। ऐसे में लोग गर्मी से बचाव के उपाय करते हुए नजर आए।
गर्मी में पेय पदार्थों की आवश्यकता भी बढ़ गई। शाम को भी उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने खबर लिखे जाने तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। इस दौरान महज 0.1 एमएम बूंदाबांदी रिकॉर्ड हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान 40.5 और न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 67 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 41 प्रतिशत रही।
जुलाई में देशभर में सामान्य से कम बारिश की संभावना
जुलाई में देशभर में औसत बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। इस महीने में भारत में लगभग 94 प्रतिशत लंबी अवधि औसत बारिश होने का अनुमान है। वर्ष 1971-2020 के औसत के आधार पर जुलाई में देश में सामान्य बारिश लगभग 280.4 मिमी होती है। इस बार बारिश का स्तर उससे थोड़ा कम रहने की आशंका जताई गई है।