विधवा से करना चाहता था शादी, रोड़ा बने देवर तो कर दी हत्या
फतेहपुरबेरी इलाके में गत 27 अप्रैल को हुई युवक रमेश (31) की हत्या की गुत्थी को दक्षिण जिला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन आरोपियों को दबोचा है। इनकी पहचान अजय (26), विशाल (20) और राहुल (20) के रूप में हुई है।
मामले में पुलिस को एक नाबालिग की तलाश है। पुलिस की मानें तो अजय के रमेश की विधवा भाभी के साथ संबंध थे, वह उससे शादी कर उसकी गांव की प्रॉपर्टी को हासिल करना चाहता था। लेकिन रमेश उसमें बाधा बना हुआ था।
5 अप्रैल को रमेश ने अजय को अपनी भाभी के साथ रंगे हाथों पकड़कर अजय की खूब बेइज्जती की थी। इसी का बदला लेने के लिए अजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर रमेश की हत्या कर दी। फतेहपुरबेरी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दोनों के बीच संबंध भी थे
दक्षिण-जिला पुलिस उपायुक्त ईश्वर सिंह ने बताया कि 27 अप्रैल तड़के सावन पब्लिक स्कूल छतरपुर के पास से एक युवक का शव मिला था। शुरूआती जांच में लग रहा था कि रमेश की गला घोंटकर हत्या की गई है। युवक की पहचान रमेश, जेजे कॉलोनी तिगड़ी निवासी के रूप में हुई।
रमेश की पत्नी ऊषा ने अजय नामक युवक पर शक जताया। पुलिस ने अजय को दबोचकर उससे पूछताछ की तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह रमेश की विधवा भाभी से प्यार करता था। दोनों के बीच संबंध भी थे। उससे शादी करने के बाद वह राजस्थान स्थित चार करोड़ की प्रॉपर्टी को कब्जाना चाहता था। लेकिन रमेश उसके रास्ते में आ रहा था।
उसे रास्ते से हटाने के लिए उसने नाबालिग व विशाल और राहुल के साथ मिलकर रमेश की हत्या करने की योजना बनाई। योजना के तहत पहले रमेश को शराब पिलाई गई। शराब में नशे की गोली मिला दी गई। बाद में जब रमेश बेहोश हो गया। तब उसकी गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगा दिया गया। पुलिस ने बाद में बाकी दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस नाबालिग की तलाश कर रही है।