जोकर व धोखेबाज हैं केजरीवाल: UP के डिप्टी CM बोले- यूपी की जनता ने उनके मुफ्त मॉडल को नकारा, अब दिल्ली की बारी
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश में हुए नगर निकाय चुनाव में झाड़ू चलाकर शहर साफ करने चले थे। आज स्थिति है कि न सिर्फ उत्तर प्रदेश, बल्कि दिल्ली मे भी उनकी सफाई होने की तैयारी चल रही है।
विस्तार
दिल्ली सरकार को घेरने के लिए दिल्ली प्रदेश भाजपा ने उत्तर प्रदेश के मंत्रियों का सहारा लिया है। यूपी के दो उपमुख्यमंत्रियों ने शनिवार दिल्ली की अलग-अलग विधान सभाओं में जन चेतना सभा की कमान संभाली। केशव प्रसाद मौर्य ने नरेला विधान सभा और बृजेश पाठक ने बावरपुर व गोकलपुर विधान सभा में आप सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए हमला बोला।
दोनों उपमुख्यमंत्रियों के निशाने पर सीधे तौर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रहे। साथ ही उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज की सराहना की। उधर, प्रदेश भाजपा नेताओं व सासंदों के साथ केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कालका जी व कस्तूरबा नगर में दिल्ली सरकार को कटघरे में खड़ा किया। भाजपा ने शनिवार पूरी दिल्ली में सात जगहों पर आप सरकार के खिलाफ जन सभाएं कीं।
नरेला में बोलते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अब समय आ गया है कि जिस तरह से उत्तर प्रदेश के विधानसभा और नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी का हश्र हुआ है, उसी तरह का हाल दिल्ली की जनता भी आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव में करे। उत्तर प्रदेश की जनता ने मुफ्त वाले मॉडल को नकार दिया था और अब दिल्ली की जनता भी हकीकत समझ चुकी है। मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए मौर्य ने कहा कि जो कभी कहा करते थे कि वह गाड़ी बंगला तक नहीं लेंगे, उनके लिए एक ऐसा शीशमहल तैयार किया है, जिसे दिखाने से भी वह घबरा रहे हैं।
दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश में हुए नगर निकाय चुनाव में झाड़ू चलाकर शहर साफ करने चले थे। आज स्थिति है कि न सिर्फ उत्तर प्रदेश, बल्कि दिल्ली मे भी उनकी सफाई होने की तैयारी चल रही है। उनका आरोप है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को सुर्खियों में बने रहने का इतना शौक है कि उनकी छवि एक ‘जोकर’ जैसी हो गई है।
पाठक के मुताबिक, केजरीवाल धोखेबाज हैं। पहले अपने गुरू अन्ना हजारे को धोखा दिया। फिर, अपने साथियों को एक-एक कर सबको निपटा दिया, जिन्होंने ही उनको मुख्यमंत्री बनाया था। पाठक का आरोप है कि केजरीवाल का असली चेहरा कोविड काल में देश ने देखा, जब उन्होंने बिहार और उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूरों को उनकी हालत पर सिर्फ छोड़ा ही नहीं बल्कि उन्हें दिल्ली से बाहर निकाल दिया।
बृजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर यूपी के मुख्यमंत्री ने 62 लाख बेघर लोगों को पक्का मकान दिया। गरीबों को मुफ्त में राशन दिया। साथ ही भ्रष्टाचार व भयमुक्त शासन व्यवस्था दी। जबकि दिल्ली में जन सुविधाओं का घोर अभाव है। दिल्ली की जनता का काम करने की जगह दिल्ली के मुख्यमंत्री ने लोगों को धोखा दिया है।
सात विधान सभा में हुई सभाएं
नरेला, कालकाजी, कस्तूरबा नगर, विश्वास नगर, मुंडका, बाबरपुर एवं गोकलपुरी विधानसभा में भाजपा ने जनचेतना सभा का आयोजन शनिवार को किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और यहां होने वाले हर हरकतों पर देश और विश्व की निगाहें रहती हैं। केजरीवाल के मंत्रियों को केजरीवाल आवास के बाहर धरना देना चाहिए था। केजरीवाल सरकार अधिकारियों को ‘डराने-धमकाने’ और ‘सत्ता का दुरुपयोग’ करने की कोशिश कर रही है। वे टकराव की राजनीति करते हैं।
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली के वह इकलौते मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने अपने कार्यकाल में सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने का काम किया है। केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं से दिल्लीवालों को वंचित रखने का काम केजरीवाल ने किया।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि भ्रष्टाचार से जनता का ध्यान भटकाने के लिए रोज नई तरकीब निकालते रहते हैं। सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल सरकार की लापरवाही का नतीजा है कि आज साफ-स्वच्छ पानी न उपलब्ध कराने पर दिल्ली सरकार और दिल्ली जल बोर्ड के खिलाफ दिल्ली के 11 से अधिक थानों में शिकायत दर्ज है।
सांसद हंसराज हंस ने कहा कि पिछले आठ साल से अधिक समय से प्रदूषण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार सिर्फ जातिगत आधार पर अपनी राजनीति को आगे बढ़ा रही है। श्याम जाजू ने कहा कि केजरीवाल ने पूरी तरह से सत्ता को व्यवसाय बनाकर चला रहे हैं।