भारत माता की जय करता दिल्ली पुलिस मुख्यालय में घुसा संदिग्ध
सुरक्षा घेरा तोड़कर एक युवक बृहस्पतिवार शाम पुलिस मुख्यालय के भीतर घुस गया। हालांकि, गेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़कर बाहर कर दिया।
बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे युवक पुलिस मुख्यालय के मुख्य गेट पहुंचा और अंदर की ओर जाने लगा। गेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया और उससे पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा।
इतना सुनते ही युवक भड़क गया और खुद को धरती पुत्र बताया। जब पुलिसकर्मियों ने उसे पुलिस मुख्यालय में जाने का कारण पूछा तो उसने बताया कि उसे पासपोर्ट बनवाना है।
पुलिसकर्मियों ने युवक को पासपोर्ट कार्यालय का रास्ता बताया। इसी दौरान युवक ने अचानक पुलिस मुख्यालय के भीतर की तरफ दौड़ लगा दी। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया और घसीटते हुए बाहर ले आए।
भारत माता की जय के लगाता रहा नारे
संदिग्ध युवक के मुख्यालय में घुसने का प्रयास किए जाने की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक को हिरासत में ले लिया गया। युवक भारत माता की जय करता हुआ पुलिसकर्मी के साथ थाने चला गया।
पुलिस अधिकारी फिलहाल इस बारे में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। हालांकि अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि युवक अपना नाम धरती पुत्र बता रहा है। उसकी हरकतों से लग रहा है कि वह मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस उसका मेडिकल करवाने का प्रयास कर रही है।
आईपी एस्टेट थाना पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।