ये चोर टोंटियां चुरा रहे थे: निर्माणाधीन मकान रहते थे निशाने पर... पहले से भी इन पर कई मामले दर्ज; कबूला जुर्म
दोनों का आपराधिक इतिहास लंबा हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चोरी का सामान कहां बेचते थे। उनके खिलाफ विभिन्न थानों में दर्ज कई मामलों की जांच चल रही है।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर पुलिस कोतवाली ने निर्माणाधीन मकानों से सामान चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की 35 पीतल व स्टील की टोंटियां, एक मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में निर्माणाधीन मकानों को निशाना बना रहे थे।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने रविवार को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के ईटा-1 पत्थर पार्क से दोनों आरोपियों को दबोचा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उत्तम और सन्नी पुत्र रामपाल के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान दोनों ने कबूल किया कि वह निर्माणाधीन मकानों में चोरी की वारदातें करते हैं और चोरी की टोंटियां व मोबाइल फोन बेचकर खर्च चलाते है। आरोपी उत्तम राजपूत मूलरूप से पिथौरागढ़ उत्तराखंड का निवासी है और फिलहाल सेक्टर-39 के ग्राम छलेरा में रह रहा था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें चोरी, रिसीविंग चोरी का माल और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
वहीं सन्नी यूपी के अलीगढ़ के गांव भवानीपुर का निवासी है और इस समय बीटा-2 थाना क्षेत्र के गांव नटमढैया में रह रहा था। उसके खिलाफ भी आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। दोनों का आपराधिक इतिहास लंबा हैं।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चोरी का सामान कहां बेचते थे। उनके खिलाफ विभिन्न थानों में दर्ज कई मामलों की जांच चल रही है। बरामद सामान को जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है।