{"_id":"6b043659be977cd7030e54f2","slug":"two-new-police-booths-delhi-ncr-news-c-503-1-del1005-3648-2026-11-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi NCR News: पूर्वी दिल्ली में दो नए पुलिस बूथ शुरू, एक पिंक बूथ भी शामिल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi NCR News: पूर्वी दिल्ली में दो नए पुलिस बूथ शुरू, एक पिंक बूथ भी शामिल
विज्ञापन
विज्ञापन
महिलाओं की सुरक्षा पर रहेगा खास ध्यान, चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस बूथ और शहीद राजगुरु कॉलेज में पिंक बूथ का उद्घाटन
-निर्भीक शिकायत बॉक्स, क्यूआर कोड और पिंक स्कूटी से मिलेगी सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस को आम जनता के करीब लाने के उद्देश्य से दो नए पुलिस बूथ शुरू किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर जोन-1) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने रविवार को चिल्ला बॉर्डर पर एक सामान्य पुलिस बूथ और शहीद राजगुरु कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंसेज फॉर वुमेन में 'पिंक पुलिस बूथ' का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला सुरक्षा और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि चिल्ला बॉर्डर पर बूथ शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी, जिससे अपराध पर अंकुश लगाने और लोगों को तत्काल सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी। उद्घाटन के बाद विशेष आयुक्त ने स्कूली बच्चों, आरडब्ल्यूए, एमडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, पुलिस मित्रों व स्थानीय नागरिकों से संवाद कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। इस दौरान अपराध सुलझाने वाली पूर्वी जिले की पुलिस टीमों को सम्मानित भी किया गया।
विज्ञापन
शिकायत के लिए क्यूआर कोड और बॉक्स की सुविधा
शहीद राजगुरु कॉलेज में पिंक बूथ का उद्घाटन करते हुए विशेष आयुक्त ने छात्राओं को बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बूथ पर 'निर्भीक शिकायत बॉक्स' लगाने, शिकायत के लिए क्यूआर कोड प्रदर्शित करने और गश्त के लिए पिंक स्कूटी तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बूथ जनता की समस्याएं सुनने का केंद्र होने चाहिए। कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद महादेव डुंबरे सहित शाहदरा और उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी मौजूद रहे।
विज्ञापन
