दिल्ली उपचुनाव: 'मंगल' पर टिकी हैं निगाहें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनाव आयोग ने बेशक राजधानी की तीन सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी हो, लेकिन राजनीतिक दल और दावेदार उसे फाइनल मानकर नहीं चल रहे हैं। उनकी निगाहें मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार से दाखिल होने वाले जवाब पर टिकी हैं। यही वजह है कि कांग्रेस ने सोमवार को बुलाई गई पार्षदों की बैठक एक दिन के लिए टाल दी है। वहीं, मंगलवार को ही दोपहर बाद चुनाव समिति की बैठक बुलाई है।
सूत्र बताते हैं कि पार्षदों की बैठक में प्रदेश प्रभारी डॉ. शकील अहमद क्लास लेंगे। अगर तीन सीटों की अधिसूचना जारी होती है और सिर्फ उन्हीं पर चुनाव का जवाब दाखिल होता है तो उन सीटों के दबंग उम्मीदवार उतारने और चुनाव में कांग्रेस को मजबूती से दंगल में उतारने की चर्चा होगी। अगर केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट में कोई दूसरा जवाब दाखिल करती है तो उस हिसाब से रणनीति पर चर्चा होगी।
प्रदेश कांग्रेस की चुनाव समिति के एक वरिष्ठ सदस्य ने बताया कि मंगलवार शाम तीन बजे बैठक बुलाई गई है। क्योंकि तब तक सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार की तरफ से आने वाले जवाब से तस्वीर साफ हो जाएगी। उस जवाब के हिसाब से ही चुनाव समिति का एजेंडा तय होगा।
अमर उजाला से बातचीत में उपचुनाव में दक्षिण दिल्ली की एक सीट से कद्दावर दावेदार ने कहा कि अभी कोई तैयारी नहीं। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में जो कुछ आएगा, उसके बाद ही भागदौड़ तय होगी। यूं तो हर सीट पर दावेदार होते हैं लेकिन गंभीरता को देखे बिना कांग्रेस इस हाल में टिकट बांटने की हिम्मत नहीं करेगी।
कांग्रेस में किस सीट पर क्या हैं समीकरण
पूर्वी दिल्ली की कृष्णा नगर सीट से कांग्रेस के टिकट पर 2013 का चुनाव लड़ने वाले डॉ. वीके मोंगा पार्टी छोड़ गए हैं। तो अब 2008 का चुनाव लड़कर डॉ. हर्षवर्धन को कड़ी टक्कर देने वाली दीपिका खुल्लर के नाम पर चर्चा है।
हालांकि तबीयत खराब होने की वजह से दीपिका की जगह उनके पति नीरज खुल्लर को पार्टी मजबूत बता रही है। दीपिका सिर्फ 3204 वोट से हारी थीं। इसके साथ ही तीन पूर्व पार्षद भी दौड़ में हैं। कांग्रेस के कुछ नेता डॉ. एके वालिया के कद का फायदा उठाने के लिए कृष्णा नगर से उतारने की बात कर रहे हैं।
महरौली सीट पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. योगानंद शास्त्री को सबसे मजबूत माना जा रहा है। हालांकि पिछले चुनाव में डॉ. शास्त्री 21494 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे थे। एक पहलू यह भी है कि अगर उपचुनाव की बजाय सभी सीटों के चुनाव सामने आते हैं तो डॉ. योगानंद शास्त्री नरेला सीट पर शिफ्ट हो सकते हैं। यहां पूर्व महपौर चौधरी सतबीर को पूर्व सांसद सज्जन कुमार कांग्रेस में लेकर आए हैं तो उनका भी नाम चर्चा में है।
वहीं, तुगलकाबाद से गत चुनाव में महज 9781 वोट लेकर चौथे नंबर पर पहुंचे ओमप्रकाश बिधूड़ी को सज्जन कुमार की पसंद माना जा रहा है तो युवा चेहरे के नाम पर हर्ष चौधरी, सचिन बिधूड़ी, आजाद बिधूड़ी का नाम है।