पड़ोसन के जाल में फंसा नवयुवक: महिला कई दिन से कर रही थी ऐसी जिद्द...परेशान लड़के ने दी जान; मां ने कही ये बात
पीड़ित मां ने बताया कि महिला की बात मानने से इनकार करने पर बेटे को जान से मरवाने की धमकी दी। इसके बाद वे महिला के घर गईं और उसे समझाने का प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं मानी थी।
विस्तार
पलवल के हसनपुर के गांव टप्पा में एक 22 वर्षीय युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की मां ने गांव निवासी महिला पर युवक को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला युवक पर साथ रहने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। हसनपुर थाना पुलिस ने मामले में 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
हसनपुर थाना प्रभारी अजीत नागर के अनुसार गांव टप्पा निवासी रूपा ने दी शिकायत में कहा है कि उसके 22 वर्षीय बेटे कुलदीप को पड़ोस में रहने वाली महिला ने अपने जाल में फंसा रखा था। काफी दिन से वह कुलदीप को प्रताड़ित कर रही थी। उसका बेटा कुलदीप मायूस रहता था तो उससे कारण पूछा।
इसके बाद कुलदीप ने बताया कि उक्त महिला उस पर साथ रहने का दबाव बना रही है। मना करने पर जान से मरवाने की धमकी दे रही है। वह उक्त महिला के घर गई और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। उसने कहा कि कुलदीप साथ नहीं रहेगा तो उसे मरवा दूंगी। रविवार को महिला ने कुलदीप को काफी टॉर्चर किया और दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
धमकी से आहत होकर कुलदीप ने काशीपुर के जंगल में जाकर जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। पुलिस का कहना है कि महिला पर लगाए आरोपों की पुष्टि की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।