फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Transport: Train seats fully booked ahead of Diwali and Chhath, airfares skyrocketing

परिवहन: दीपावली-छठ से पहले ही ट्रेनों की सीटें फुल, हवाई किराया भी आसमान पर..., पटना का टिकट दुबई से भी महंगा

Wed, 07 Oct 2026 02:16 AM IST
दुष्यंत शर्मा शनि पाथौली, नई दिल्ली
शनि पाथौली, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Wed, 07 Oct 2026 02:16 AM IST
सार

त्योहार में अभी करीब एक महीना बाकी है, लेकिन बिहार, झारखंड और पूर्वांचल जाने वाली ज्यादातर नियमित ट्रेनें अभी से भर चुकी हैं। कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है, जबकि कई में अलग-अलग श्रेणियों में टिकट मिलना बंद हो गया है।

विज्ञापन
Transport: Train seats fully booked ahead of Diwali and Chhath, airfares skyrocketing
प्रतीक चित्र - फोटो : ANI

विस्तार

दीपावली और छठ पर घर लौटने की तैयारी कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों के लिए इस बार भी सफर आसान नहीं होगा। त्योहार में अभी करीब एक महीना बाकी है, लेकिन बिहार, झारखंड और पूर्वांचल जाने वाली ज्यादातर नियमित ट्रेनें अभी से भर चुकी हैं। कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है, जबकि कई में अलग-अलग श्रेणियों में टिकट मिलना बंद हो गया है। रेल टिकट की किल्लत का असर अब हवाई किराये पर भी पड़ रहा है। छठ से पहले 10 नवंबर को दिल्ली से पटना की उड़ान का शुरुआती किराया 20 हजार रुपये तक पहुंच गया है। यह इसी अवधि में दिल्ली से दुबई के शुरुआती किराये से भी अधिक है।

विज्ञापन


संपूर्ण क्रांति समेत कई ट्रेनों में नो रूम
दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव दिखाई दे रहा है। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में एक से चार नवंबर तक इकोनॉमी श्रेणी में नो रूम है। वहीं स्लीपर और तृतीय वातानुकूलित श्रेणी में एक से आठ नवंबर तक वेटिंग चल रही है। तेजस राजधानी एक्सप्रेस की तृतीय वातानुकूलित श्रेणी में भी एक से चार नवंबर के बीच लंबी वेटिंग है। कई श्रेणियों में स्थिति रिग्रेट तक पहुंच चुकी है। ऐसे में दीपावली-छठ पर घर जाने की योजना बना रहे यात्रियों के सामने नियमित ट्रेनों में टिकट पाने के विकल्प तेजी से सीमित होते जा रहे हैं।
विज्ञापन


बिहार संपर्क क्रांति से स्वतंत्रता सेनानी तक सीटों का संकट
दिल्ली-दरभंगा रूट की बिहार संपर्क क्रांति और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में नवंबर तक सीटों का संकट बना हुआ है। दरभंगा जाने वाली सरयू-यमुना एक्सप्रेस में चार नवंबर तक 104 की वेटिंग है। वहीं हावड़ा-रक्सौल एक्सप्रेस में छह अक्तूबर तक 150 से अधिक की वेटिंग दर्ज की गई। गोरखपुर जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति में भी नवंबर की यात्रा के लिए कई श्रेणियों में सीटें उपलब्ध नहीं हैं। दबाव केवल पटना या दरभंगा तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार और पूर्वांचल के प्रमुख रेल मार्गों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


रांची की ट्रेनों में भी टिकट का संकट
झारखंड जाने वाली ट्रेनों में भी स्थिति कमोबेश ऐसी ही है। छह नवंबर को नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस की तृतीय वातानुकूलित श्रेणी में वेटिंग है। झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस की कई श्रेणियों में रिग्रेट की स्थिति है। ऐसे में जिन यात्रियों ने अब तक टिकट नहीं कराया है, उनके लिए नियमित ट्रेनों में जगह मिलना मुश्किल होता जा रहा है।

ट्रेन फुल तो विमान किराया आसमान पर
रेल टिकट नहीं मिलने का असर हवाई किराये पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अगस्त में दिल्ली-पटना के बीच एकतरफा हवाई टिकट करीब 5,000 से 6,300 रुपये में उपलब्ध था। त्योहार की तारीखें नजदीक आते ही किराया कई गुना बढ़ गया है। सात नवंबर को दिल्ली से पटना की उड़ानों का शुरुआती किराया करीब 19 से 20 हजार रुपये तक पहुंच गया है। वहीं छठ से पहले 10 नवंबर की यात्रा के लिए किराया और अधिक है। खास बात यह है कि इसी अवधि में दिल्ली से दुबई का शुरुआती हवाई किराया करीब 15 हजार रुपये के आसपास है। यानी इस समय पटना पहुंचना दुबई जाने से भी महंगा पड़ रहा है। अगस्त के 5-6 हजार रुपये के स्तर से तुलना करें तो नवंबर में दिल्ली-पटना हवाई किराया करीब तीन गुना तक बढ़ गया है।

स्पेशल ट्रेनों से राहत की उम्मीद
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का सहारा लिया है। अक्टूबर-नवंबर में नई दिल्ली-सुपौल, आनंद विहार-भागलपुर, नई दिल्ली-हावड़ा और अमृतसर-बरौनी समेत कई विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। लंबी वेटिंग को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने 18 और विशेष ट्रेनों को मंजूरी दी है। दिल्ली-पटना के बीच तेजस राजधानी और संपूर्ण क्रांति की क्लोन ट्रेनें चलाने का भी फैसला किया गया है। इन विशेष ट्रेनों से त्योहार के दौरान यात्रियों को कुछ अतिरिक्त विकल्प जरूर मिलेंगे, लेकिन नियमित ट्रेनों में पहले से बने भारी दबाव और हवाई किराये में तेज बढ़ोतरी को देखते हुए इस बार भी दिल्ली-एनसीआर से घर लौटने वालों के लिए सफर चुनौतीपूर्ण रहने की आशंका है।

दिल्ली से बिहार के लिए बढ़ीं विशेष ट्रेनें
दीपावली और छठ पर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली से गया और पटना के बीच चल रही विशेष ट्रेनों की अवधि बढ़ा दी है। इसके अलावा नई दिल्ली-दानापुर विशेष ट्रेन के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों की सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, दिल्ली जंक्शन-गया-दिल्ली जंक्शन आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन (04064/04063) का संचालन अब 30 नवंबर तक किया जाएगा। दिल्ली से गया के बीच ट्रेन 26 अक्तूबर से 30 नवंबर तक 31 फेरे लगाएगी। वहीं, गया से दिल्ली के लिए यह ट्रेन 27 अक्तूबर से एक दिसंबर तक 31 फेरे लगाएगी। दिल्ली से गया के बीच ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा। वापसी में गया से दिल्ली के लिए ट्रेन रविवार को छोड़कर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेगी।

नई दिल्ली-पटना जंक्शन-नई दिल्ली आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन (04088/04087) की अवधि भी बढ़ाई गई है। नई दिल्ली से पटना के बीच यह ट्रेन 26 अक्तूबर से 30 नवंबर तक 36 फेरे लगाएगी। पटना से नई दिल्ली के लिए ट्रेन 27 अक्तूबर से एक दिसंबर तक 36 फेरे लगाएगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन रोजाना संचालित होगी।

दिल्ली-दानापुर ट्रेन के अब सप्ताह में दो फेरे
नई दिल्ली-दानापुर-नई दिल्ली आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन (04090/04089) अब सप्ताह में दो दिन चलेगी। पहले नई दिल्ली से दानापुर के लिए ट्रेन केवल शुक्रवार को चलती थी। सात अक्तूबर से यह ट्रेन बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। वहीं, दानापुर से नई दिल्ली के लिए ट्रेन गुरुवार और रविवार को संचालित होगी।


-रेलवे ने इस ट्रेन के अतिरिक्त फेरे भी घोषित किए हैं। नई दिल्ली से दानापुर के लिए अक्तूबर में 7, 14, 21 और 28 तथा नवंबर में 4, 11, 18, 25 और 27 तारीख को अतिरिक्त फेरे होंगे। दानापुर से नई दिल्ली के लिए अक्तूबर में 8, 15, 22 और 29 तथा नवंबर में 5, 12, 19, 26 और 28 तारीख को अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed