वीकएंड पर ट्रेड फेयर फुल, पहुंचे डेढ़ लाख दर्शक
रविवार का पूरा दिन मेला आम लोगों के नाम रहा
युवाओं की भीड़ के बीच उम्रदराज लोग भी लुत्फ उठाते दिखे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वीकएंड और ट्रेड फेयर की जुगलबंदी से प्रगति मैदान जश्न में डूब गया। रविवार का पूरा दिन मेला आम लोगों के नाम रहा। युवाओं की भीड़ के बीच उम्रदराज लोग भी मेले का लुत्फ उठाते दिखे। सुबह से लेकर देर शाम तक खरीदारी के साथ मौज-मस्ती व पिकनिक चलती रही।
आलम ये रहा कि दोपहर बाद मेले में चलने की भी जगह नहीं बची। रविवार को डेढ़ लाख से ज्यादा दर्शक प्रगति मैदान पहुंचे। हर पवेलियन के एंट्री गेट पर दर्शकों की लंबी लाइन रही।
मौज-मस्ती के साथ ही शॉपिंग के लिए दर्शक रविवार सुबह से मेले में पहुुंचने लगे।
दर्शकों की नजर उत्तर से लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों के पवेलियन पर रही। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों के पवेलियन में भी भीड़ थी। महिलाओं का विशेष जोर घरेलू उद्योग से जुड़े स्टॉल्स पर था। युवाओं ने मोबाइल, कंप्यूटर आदि एसेस्रीज के साथ इनोवेटिव व इंटरनेशनल पवेलियन की तरफ रुख किया।
किसी ने ज्वैलरी खरीदी, तो कोई सजाने-संवारने के स्टॉल पर डटा रहा। लोगों की इतनी बड़ी तादाद देखकर व्यापारी भी खुश थे। लोग आसाम, झारखंड और बिहार में बांस से बने फर्नीचर, झूले व सजावटी सामान आदि की खरीदारी करते दिखे। मोल-भाव का खेल भी खूब चला। पाकिस्तान-अफगानिस्तान आदि पवेलियन में ठंड के दिनों में भी रेशम के कपड़ों की खरीदारी जोरों पर थी।
पुराने नोटों को लेकर चली चिक-चिक
कई स्टॉल्स पर 500 व 1000 के नोटों को लेकर चिक-चिक भी देखी गई। कारोबारियों ने पहले प्लास्टिक मनी देने की अपील की, लेकिन ज्यादा खरीदारी होने पर कारोबारियों ने पुराने नोटों को यह कहते हुए स्वीकार किया कि हमारा सारा कारोबार ऑन पेपर है। दिसंबर के आखिर तक इसे बैंक में जमा करा देंगे।
केेंद्रीय मंत्री ने की मेला प्रशासन की तारीफ
केेंद्रीय मंत्री ने की मेला प्रशासन की तारीफ
केंद्रीय मंत्री निर्मला सीता रमण में आईटीपीओ की तारीफ की। ट्विटर पर उन्होंने बिजनेस के दिनों में नोटबंदी का असर कारोबारियों पर न पड़ने देने के लिए प्लास्टिक मनी को प्रोत्साहित करने के आईटीपीओ की तरफ से उठाए गए कदमों को सराहा।
बिहार दिवस आज, होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
सोमवार को मेले में बिहार दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर राज्य के उद्योग मंत्री जयकुमार सिंह बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
सेल्फी को लेकर लोगों में दिखा क्रेज
प्रगति मैदान में दर्शकों में सेल्फी को लेकर काफी क्रेज दिखा। झारखंड पवेलियन में बिरसा मुंडा की मूर्ति व महेंद्र सिंह धोनी के कटआउट के साथ लोगों ने सेल्फी ली। बिहार पवेलियन के मुख्य गेट पर भी लोगों की भीड़ लगी रही। इसके अलावा यूपी पवेलियन के मुख्य गेट, सीआरपीएफ और खादी ग्रामोद्योग के स्टॉल भी सेल्फी लेने वाले दर्शकों से गुलजार रहे।
सभी पार्किंग फुल, हुआ ट्रैफिक जाम
ट्रेड फेयर में दर्शकों की भीड़ से ट्रैफिक पुलिस के सारे इंतजाम धरे रह गए। निजी वाहनों से प्रगति मैदान पहुंचे दर्शकों को जाम का सामना करना पड़ा। दोपहर होते-होते ट्रेड फेयर के नजदीक की सभी पार्किंग फुल हो गईं। पार्किंग की तलाश करके दर्शकों ने ट्रैफिक जाम कर दिया। थोड़ी देर में निजामुदद्दीन से भैरों सिंह मार्ग पर आने वाला कट बंद कर दिया गया। इससे सराय काले खां तक जाम लगा। वहीं, मथुरा रोड और भैरो सिंह मार्ग से लेकर आईटीओ तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।