प्रेमी के साथ मिलकर चोरी करती महिला को रंगे हाथ पकड़ा
सेक्टर-24 थाना अंतर्गत चौड़ा गांव में चोरी करते हुए रंगे हाथों स्थानीय लोगों ने एक ऐसी महिला चोर को दबोचा, जो अपने प्रेमी के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देती है।
प्रेमी द्वारा रैकी करने के बाद उक्त घटना को प्रेमिका अंजाम देती है। लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया और प्रेमिका की निशानदेही पर उसके प्रेमी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पश्चिम बंगाल निवासी वर्षा रवि दास (20) अपने प्रेमी जेजे कॉलोनी, दिल्ली निवासी अशोक के साथ चोरी करती है। सोमवार शाम करीब 6 बजे चौड़ा गांव निवासी तपांग की पत्नी पड़ोस में गई हुई थी।
ऐसे पकडे गए रंगे हाथ
घर पर कोई नहीं था। थोड़ी देर बाद जब तपांग की पत्नी कौशल्या अपने घर पहुंची तो उन्होंने देखा कि एक महिला उनके घर से बाहर निकल रही है। कौशल्या ने उक्त महिला यानी वर्षा रवि दास को देखते शोर मचाया जहां स्थानीय लोग एकत्र हो गए।
कौशल्या ने वर्षा की तलाशी ली तो उसके पास से पांच हजार रुपए और सोने के आभूषण मिले। पूछताछ में वर्षा ने बताया कि उसने यह सब कौशल्या के घर से चोरी किए हैं।
लोगों ने फौरन मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी, जहां मौके पर पुलिस पहुंची और महिला को गिरफ्तार कर ले गई। डीएसपी डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि वर्षा का प्रेमी अशोक है, जो रैकी करता था और उसके बाद दोनों चोरी की घटना को अंजाम देते।
अशोक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इनकी संलिप्ता अन्य चोरी की घटनाओं में होने की आशंका है। जांच की जा रही है।