{"_id":"5fb1be0c4ba29279be45930b","slug":"there-will-be-a-survey-in-every-house-of-delhi","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली को कोरोना से बचाने के लिए केजरीवाल और शाह की कदमताल, हर घर में होगा सर्वे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली को कोरोना से बचाने के लिए केजरीवाल और शाह की कदमताल, हर घर में होगा सर्वे
Mon, 16 Nov 2020 05:17 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 16 Nov 2020 05:17 AM IST
विज्ञापन
कोरोना वायरस
- फोटो : ANI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस से निपटने के लिए अब दिल्ली के हर घर में सर्वे होगा। दिल्ली एम्स सहित सभी नगर निकाय की स्वास्थ्य टीमें घर घर जाकर न सिर्फ लोगों से फ्लू इत्यादि के लक्षणों के बारे में पता करेंगी, बल्कि संदिग्ध लोगों की कोरोना जांच भी होगी।
विज्ञापन
रविवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और दिल्ली सरकार के बीच संयुक्त बैठक में यह अहम फैसला लिया गया। इसके अलावा दिल्ली में जल्द ही आरटी पीसीआर तकनीक से कोरोना वायरस की जांच दोगुना करने के निर्देश जारी किए हैं। इनके अलावा स्वास्थ्यकर्मियों की कमी को देखते हुए सीएपीएफ से अतिरिक्त डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ देने की अनुमति दी गई है। इन कर्मचारियों को जल्द ही एयरलिफ्ट करके दिल्ली लाया जाएगा।
विज्ञापन
बैठक के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्वास्थ मंत्रालय और दिल्ली सरकार को बीआईपीएपी मशीनों एवं उच्च प्रवाह नसल कैनुलाकी अपेक्षित संख्या में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अगले दो दिन में यह दिल्ली सरकार के अस्पतालों में उपलब्ध होगा। इनके अलावा कोरोना उपचार को लेकर प्लाज्मा चिकित्सा पर एक मानक प्रोटोकॉल जारी होगा जिसका पालन प्रशासन को करना होगा।
विज्ञापन
बैठक खत्म होने के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने दिल्ली की जनता को कोरोना से बचाने के लिए दिल्ली सरकार के साथ विभिन्न कदम उठाए थे जिनके सकारात्मक नतीजे सभी को देखने को मिले थे। वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कोरोना की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी एजेंसियां मिलकर काम करेंगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिख अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की अपील की थी। बैठक में अगले तीन दिन में 750 आईसीयू बेड उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
झुग्गी इलाकों में तैनात होंगी टीमें
बैठक के दौरान दिल्ली के झुग्गी इलाकों पर विशेष निगरानी की जरूरत बताई गई। इस मुद्दे पर लंबी चर्चा के बाद यह निर्णय लिया है कि इन इलाकों में स्वास्थ्य मंत्रालय और आईसीएमआर की निगरानी में स्वास्थ्य टीमें तैनात होंगी। इनके अलावा मोबाइल जांच वैन भी मौजूद होगी। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की समय पर कोविड जांच हो सके। इसके अलावा धौला कुआं स्थित डीआरडीओ की मौजूदा मेडिकल सुविधा में आईसीयू की सुविधा वाले 250-300 बेड और शामिल किए जाएंगे। ऑक्सीजन की सुविधा वाले बेड्स की उपलब्धता बढ़ाने के लिए छतरपुर में स्थापित 10 हजार बिस्तर वाले कोविड केयर सेंटर को और मजबूत किया जाएगा।
हर निजी अस्पताल में पहुंचेगी टीम
अस्पतालों में बिस्तरों की सही संख्या की जानकारी लोगों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। गृह मंत्रालय के साथ हुई बैठक में जब यह मुद्दा उठा तो एजेंसियों को इस मामले में स्पष्ट और सख्त रहने के लिए कहा गया। इस दौरान कहा गया कि निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य टीमें पहुंचेंगी और वहां बिस्तरों की वर्तमान स्थिति को स्पष्ट रुप से दर्शाने के नियमों का पालन कराया जाएगा। इस टीम में अलग अलग विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे। कोरोना संबंधी मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धता और मरीजों की भर्ती की स्थिति का निरीक्षण भी इन्हीं टीमों के जरिए कराया जाएगा।
मास्क नहीं तो कार्रवाई तय
गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस सहित सभी एजेंसियों को राजधानी में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। अगर किसी के चेहरे पर मास्क नहीं है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोरोना संबंधी सतर्कता नियमों का हर संभव तरीके से पालन कराना जरूरी है। सभी जिलाधिकारियों को भी इससे जुड़े निर्देश दिए जाएंगे।
एनसीआर की हर सप्ताह होगी समीक्षा
दिल्ली में संक्रमण बढ़ने से आसपास के शहरों में भी खासा असर दिखाई दे रहा है। इसलिए बैठक में मंत्रालय ने फैसला लिया है कि दिल्ली और एनसीआर के शहरों की स्थिति जानने के लिए हर सप्ताह समीक्षा की जाएगी। ताकि नजदीक से इस पर निगरानी रखी जा सके।