रेप मामले में नेपाली आबरू के लिए तीन देशों में होगा आंदोलन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नौ साल पहले नेपाल में गणतंत्र की बुनियाद रखने वाला अखिल भारत नेपाली एकता मंच अब तीन देशों में नेपाली आबरू की लड़ाई लड़ेगा।
सऊदी राजनयिक से दुष्कर्म के मामले में न्याय से नाउम्मीद नेपाली लोगों को तीनों देशों में एकजुट करने का काम शुरू हो गया है। नेपाल, भारत और सऊदी अरब में नेपाली मूल के लोग महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे।
इसके लिए रविवार को मंच राष्ट्रीय स्तर पर बैठक करने जा रहा है। काठमांडू में स्थित संगठन के अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय से नेपाली एकता मंच पूरे मामले में विदेश मंत्रालय और गुड़गांव पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए रखे हुए है।
इस सप्ताह के अंत तक हुई कार्रवाई के आधार पर ही आगे की रणनीति बनेगी। गुड़गांव पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए संगठन के लोग कहते हैं कि हम रोजगार की तलाश में दूसरे देश जाते हैं, लेकिन उनकी आबरू की हिफाजत वहां की सरकार की जिम्मेदारी है।
मामले पर नहीं पीएम दौरे का असर?
मित्र राष्ट्रों के साथ हुई संधि के पालन के साथ पीड़िता को इंसाफ भी जरूरी है। अगर ऐसे संगीन मामले में भी सजा नहीं मिलती है तो दूसरे भी इस छूट का लाभ उठाएंगे।
अखिल भारत नेपाल एकता मंच के राष्ट्रीय समिति के सदस्य आर बी खड़का ने बताया कि रविवार को संगठन के वरिष्ठ लोगों की बैठक है। इसमें न्याय न मिलने पर तीनों देश में आंदोलन का खाका तैयार किया जाएगा।
नेपाल की रहने वाली महिलाओं के साथ राजनयिक के खिलाफ दुष्कर्म व अन्य गंभीर मामला दर्ज होने के आठ दिन बाद भी अभी तक कुछ नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री अभी सऊदी का दौरा करके आए हैं, फिर भी कुछ नहीं हो रहा है।
क्या है संगठन की स्थिति
नेपाल के रहने वालों का यह संगठन विश्व के कई देशों में है। नौ साल पहले 12 फरवरी को दिल्ली एनसीआर में रहने वालों नेपाली लोगों ने इस बैनर के तले नेपाल में लोकतंत्र बहाली के लिए भारत सरकार को हस्तक्षेप करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। 32 साल पुराने संगठन में पांच लाख से अधिक लोग जुड़े हैं।