पैसा न देने पर दी थी लड़कियों पर तेजाब डालने की धमकी
रंगदारी देने से इनकार करने के बाद व्यापारी के घर शुक्रवार रात हुई फायरिंग के बाद उसका परिवार सदमे में है। तीन सप्ताह पहले उससे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
जिसे देन से इनकार करने के बाद उसके घर और दुकान पर फायरिंग हो जा चुकी है। आलम यह है कि पीड़ित के घर से कोई भी सदस्य बाहर नहीं निकल रहा।
वहीं व्यापारियों ने पुलिस को दो दिनों के अंदर मामले का खुलासा कर बदमाशों को पकड़ने को कहा है। ऐसा नहीं होने की सूरत में व्यापारी उच्च अधिकारियों से मिलकर पेश आ रही समस्याओं से अवगत कराएंगे।
जारचा कोतवाली क्षेत्र के गांव रसूलपुर में विनोद गोयल की परचून की दुकान है। बीते 29 जून को उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। पैसा न देने पर लड़कियों पर तेजाब डालकर जलाने की धमकी दी गई थी।
परिजनों ने घर से बाहर निकलना किया बंद
इसकी रिपोर्ट व्यापारी ने दर्ज कराई, जिसके तीन सप्ताह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहीं नहीं बदमाश खुलेआम गोली चलाकर पुलिस की कार्यशैली को चुनौती दे गए।
शुक्रवार शाम गोली चलाने की घटना के बाद से व्यापारी और परिजन सदमे हैं। व्यापारी और उसके परिजनों ने घर से बाहर आना-जाना बंद कर दिया।
वहीं कार्रवाई न किए जाने से नाराज व्यापारी शनिवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुराग सिंह से मिले और तत्काल मामले का खुलासा कर बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की।
व्यापारियों को को दो दिन में बदमाश की गिरफ्तारी करने और मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि अगर दो दिन में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल पुलिस के उच्च अधिकारियों से मिलकर समस्या रखेगा।