आशुतोष के खिलाफ थाने में शिकायत, महात्मा गांधी के चरित्र हनन का आरोप
सेक्स सीडी कांड में गिरफ्तार दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री संदीप कुमार के समर्थन में ब्लॉग लिखने वाले आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष के खिलाफ ज्योति नगर थाने में शिकायत दी गई है।
पुलिस ने फिलहाल शिकायत को लेकर उसकी डीडी (डेली डायरी) एंट्री कर ली है। सामाजिक कार्यकर्ता सुबोध जैन ने रविवार को ज्योति नगर थाने में अपनी शिकायत दी।
शिकायत में उसने आरोप लगाया है कि आशुतोष ने देश को आजादी दिलाने वाले राष्ट्रपिता और विश्व स्तर पर पूजनीय महात्मा गांधी का चरित्र हनन करने की कोशिश की है।
महिला आयोग से नोटिस मिलने से किया इंकार
आशुतोष द्वारा ब्लॉग में दिए गए तर्क से करोड़ों लोगों की भावना आहत हुई है। सुबोध जैन ने आशुतोष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, रनहौला थाने में भी अपराध मुक्त अभियान नामक संगठन ने भी आशुतोष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
जबकि राष्ट्रीय महिला आयोग ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता आशुतोष को नोटिस भेजा है। आप नेता को आयोग ने यह समन सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर दिया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ललिता कुमारमंगलम के मुताबिक, सेक्स सीडी कांड का खुलासा होने के बाद आप नेता आशुतोष ने ब्लॉग लिखा, जिसमें संदीप का बचाव करने हुए महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जो बिल्कुल गलत है।
इसलिए उन्हें नौ सितंबर को अपना पक्ष रखना होगा।उधर, आप नेता आशुतोष ने सोमवार शाम को ट्वीट कर कहा कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है।