विदेशी बैले डांसर की हत्या के मामले में मानव तस्करी का शक
उज्बेकिस्तान की बैली डांसर शखनोवा व उसकी हमवतन सहेली शहनाज की हत्या मामले में पुलिस मानव तस्करी को कोण से भी जांच कर रही है।
जांच में ये बात सामने आई है कि नाज को उज्बेकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत लाया गया था। भारत में उसका पासपोर्ट बनवाया गया था। पुलिस गगनदीप की पत्नी माशा से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले रखा है। इस दोहरे हत्याकांड में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ गगनदीप की दिल्ली पुलिस के कई अधिकारियों से जान-पहचान थी।
पुलिस आयुक्त व एसआई के शामिल होने का शक
इसमें एक सहायक पुलिस आयुक्त व एसआई शामिल बताए जा रहे हैं। उन अधिकारियों ने कोटला थाने में गगनदीप के लिए फोन किया था।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर गगनदीप इन अधिकारियों को कैसे जानता है। दूसरी तरफ गगनदीप का पुलिस रिमांड खत्म होने केबाद उसे शनिवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया था।
पुलिस ने उसे फिर चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस का कहना है कि उससे गहन रूप से और हर पहलू पर पूछताछ की जाएगी।