बुलंदशहर बवाल: सुमित को गोली लगने के बाद हुई इंस्पेक्टर की हत्या!
स्याना मामले में एक वीडियो सामने आया है जिसमें सुमित नाम के युवक को गोली लगने के बाद भीड़ उग्र हो गई और अकेले रह गए इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह को घेर कर उन पर हमला कर दिया। वीडियो में कुछ लोग लहुलुहान सुमित को ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
साथ में पुलिस वालों पर हमला करने की बात भी कह रहे हैं। पुलिस इस वीडियो की भी तफ्तीश कर रही है। एडीजी का कहना है कि सुमित प्रथम दृष्टया भीड़ का हिस्सा था। उसे किसकी गोली लगी इसकी जांच एसआईटी कर रही है।
शहीद इंस्पेक्टर को पूरा सम्मान
शहीद सुबोध के परिवार ने आरोप लगाया कि उनका सम्मान शहीद की तरह नहीं किया गया और तिरंगा तक नहीं लपेटा गया। बाद में एहसास होने पर पुलिस ने एक तिरंगे की व्यस्था की। सुबोध के मृतक शरीर को तिरंगे में लपेटकर उनके पैतृक जनपद एटा भेज दिया गया। आनंद कुमार ने कहा कि परिवारीजनों की शिकायत दूरकर शहीद इंस्पेक्टर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
विवादित कमेंट करने वाले एसपी बलरामपुर से प्रमुख सचिव ने मांगा जवाब
इस मामले में एक व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनकर टिप्पणी करने पर प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने बलरामपुर के एसपी अमित कुमार प्रथम से जवाब मांगा है। साथ ही, अपने काम पर ध्यान देने की बात कही।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने जारी किया नोटिस
बुलंदशहर हिंसा पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने प्रदेश सरकार को नोटिस भेजकर चार सप्ताह में मुख्य सचिव और डीजीपी से जवाब मांगा है। आयोग ने पूछा है कि हिंसा फैलाने वालों पर क्या कार्रवाई हुई और पीड़ित परिवारों को क्या मदद उपलब्ध कराई गई?