स्टेप बाई स्टेप: खाना खाकर बीमार हुए बच्चों के पैरेंट्स छिपा रहे स्कूल की गलती, पुलिस को भी धमकाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्टेप बाई स्टेप स्कूल में विषाक्त भोजन खाने से बच्चों के बीमार होने के मामले में शुरुआती तेजी के बाद जांच धीमी पड़ गई है। मामले में अब सरकारी विभागों में तालमेल की कमी भी सामने आने लगी है।
स्वास्थ्य विभाग ने बीमार बच्चों की संख्या करीब 200 बताई थी। हालांकि, केस की जांच कर रही थाना एक्सप्रेसवे पुलिस के पास अब भी केवल 62 बीमार बच्चों की ही मेडिकल रिपोर्ट (एमएलसी) है।
पुलिस के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की तरफ से उन्हें लगभग 200 छात्रों और स्कूल कर्मचारियों के बीमार होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसी कोई सूची पुलिस को नहीं दी है।
लिहाजा, पुलिस अब तक अपने पास मौजूद 62 बच्चों की एमएलसी को ही जांच में शामिल कर रही है। स्कूल में पांच अप्रैल को कैंटीन का विषाक्त भोजन से बच्चे बीमार पड़ गए थे।
घटना को दबाने के लिए प्रबंधन ने स्कूल में ही डॉक्टरों की टीम बुला ली थी। पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तो स्कूल प्रबंधन ने उन्हें देर रात तक अंदर तक घुसने नहीं दिया था।
इसके बाद जिलाधिकारी के आदेश पर सिटी मजिस्ट्रेट महेन्द्र कुमार सिंह ने देर रात थाना एक्सप्रेसवे में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ बच्चों को जहरीला खाना परोसने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और अधिकृत व्यक्ति अथवा अधिकारी को रोकने की धाराओं में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
कैंटीन साफ करने के बाद दिए थे नमूने
स्कूल प्रबंधन ने घटना के बाद कैंटीन से नमूने लेने पहुंची खाद्य विभाग की टीम को भी करीब दो घंटे तक प्रवेश नहीं करने दिया था। इस दौरान स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को परोसा गया खाना समेत पूरी कैंटीन साफ करा दी थी।
कैंटीन साफ होने की वजह से खाद्य विभाग की टीम को मौके से केवल तेल और अजवाइन के ही नमूने मिले थे, जिसे जांच के लिए भेजा गया।
आठ लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है पुलिस
अब तक आठ लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। इसमें से दो स्कूल के छात्र हैं, जो विषाक्त भोजन करने से बीमार हुए थे। इसके अलावा स्कूल की कैंटीन के संचालक महेंद्र, स्कूल प्रबंधक पूर्व कर्नल डीके फ्रशवाल और चार अभिभावकों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
मामले में लगभग 100 लोगों को बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस द्वारा नोटिस जारी किया जा चुका है। इसमें 62 बीमार बच्चे व उनके अभिभावक, स्कूल प्रबंधन के लोग और अस्पताल में बीमार बच्चों का इलाज करने वाले चिकित्सकों की टीम शामिल है।
स्कूल के डर से पुलिस को डरा रहे अभिभावक
स्कूल में बीमार होने वाले बच्चों के हाईप्रोफाइल अभिभावकों ने स्कूल से डरकर न तो पुलिस से शिकायत की और न ही अब जांच में सहयोग कर रहे हैं।
कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके बच्चे के बीमार होने की जानकारी मांगने पर उल्टा पुलिस को ही धमका दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुलिस से कहा कि जब उन्होंने कोई शिकायत ही नहीं की तो वह किसके आदेश पर उनसे पूछताछ करने आए हैं।
उनका कहना है कि स्कूल बहुत अच्छा है और उन्हें कोई शिकायत नहीं करनी। एक अन्य अभिभावक व वरिष्ठ अधिकारी ने पुलिस से कहा कि उनका बच्चा स्कूल से एकदम सही आया था। वह घर आने के बाद बीमार हुआ था। इसमें स्कूल की कोई गलती नहीं है।
कैंटीन संचालक ने सुपरवाइजर को बताया जिम्मेदार
पुलिस के अनुसार कैंटीन संचालक महेंद्र ने बयान में बताया है कि घटना के वक्त वह घर पर था। कैंटीन में सुपरवाइजर की देखरेख में कर्मचारी काम करते हैं।
कैंटीन के रखरखाव व साफ-सफाई के लिए सुपरवाइजर ही जिम्मेदार होता है। वह खुद भी मामले में जांच कर रहे हैं कि कैसे और किससे गलती हुई थी। महेंद्र नोएडा में ही कई बड़े संस्थानों में कैंटीन का संचालन करते हैं।