चुनाव से पहले दिल्ली में लगी वादों की झड़ी, सत्ता के लिए आप, भाजपा और कांग्रेस में मची होड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले वादों की झड़ी लग गई है। सत्ता हासिल करने की जोर आजमाइश कर रही आप, भाजपा व कांग्रेस एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लगी हैं। भाजपा वादा कर रही है कि सरकार बनने पर वह आप सरकार से पांच गुना ज्यादा सहूलियत दिल्ली वालों को देगी। वहीं, कांग्रेस का वादा 600 यूनिट बिजली मुफ्त का है, जबकि आप दोनों दलों के वादों पर सवाल खड़ा कर रही है।
दरअसल, आप सरकार ने दिल्ली में 200 यूनिट बिजली व 20 हजार लीटर पानी मुफ्त कर रखा है। वहीं, चुनाव की घोषणा से पहले बसों में महिलाओं का सफर भी मुफ्त कर दिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस योजना में छात्रों व बुजुर्गों को भी शामिल करने का चुनावी वादा कर रहे हैं। आप इन योजनाओं को दिल्ली चुनाव के लिए तुरुप का पत्ता मान रही है। चुनावों की घोषणा होने के साथ अरविंद केजरीवाल समेत आप का शीर्ष नेतृत्व हवा दे रहा है कि भाजपा के सत्ता में आने से योजनाएं खत्म हो जाएंगी।
आप पर चुनावी बढ़त पाने के लिए दिल्ली प्रदेश भाजपा ने 5 गुना ज्यादा रियायत देने का एलान कर दिया है। अभी तक आयुष्मान भारत, जहां झुग्गी वहीं मकान, प्रधानमंत्री आवास योजना को आगे रखने वाले प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने चुनाव एलान होते ही कहा कि अभी तक जितनी भी सुविधाएं आप ने दी है, उससे पांच गुना ज्यादा भाजपा सरकार में आने के बाद देगी।
उधर, कांग्रेस ने भी मुफ्त सेवाओं से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं की हैं। इसमें खासतौर से 600 यूनिट तक बिजली माफ व हर परिवार की मासिक आय 12,000 रुपये सुनिश्चित करने से जुड़ी है। दिलचस्प ये है कि कांग्रेस बुजुर्ग पेंशन में ढाई गुना बढ़ोतरी और लाडली सरीखी दूसरी योजनाओं की भी घोषणा कर रही है।
पांच गुना ज्यादा देंगे सब्सिडी
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पांच साल के शासन में दिल्ली वालों को जो भी दे रहे हैं, वह दें। भाजपा उसका 5 गुना ज्यादा फरवरी में सरकार आने के बाद दिल्ली वालों को देगी, लेकिन आम आदमी पार्टी सीधे तौर पर यह बताए कि दिल्ली की जनता को पांच साल में क्या दिया, इसका कुल फायदा कितने परिवारों को हुआ।
आप संयोजक व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम से पांच गुना ज्यादा सब्सिडी देंगे, मतलब? 200 यूनिट की बजाय 1000 यूनिट बिजली फ्री देंगे? ऐसे वादाें से आप जनता का मजाक बना रहे हैं। दिल्ली चुनाव से पहले किसी भी एक भाजपा शासित राज्य में लागू करवाकर तो दिखाइए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर 600 यूनिट तक बिजली मुफ्त होगी। वृद्धावस्था पेंशन 5,000 रुपये की जाएगी। साथ ही लाडली योजना के तहत घर में लड़की पैदा होने पर एकमुश्त रकम दी जाएगी। इसके अलावा हर परिवार की आय 12,000 रुपये सुनिश्चित की जाएगी।