फिर बढ़ सकती है सोमनाथ भारती की मुश्किल, कार्यकर्ताओं से कराई महिलाओं संग बदसलूकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के विधायक और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती की मुश्किलें फिर बढ़ सकती हैं। सहेली नामक संस्था की संचालिका ने विधायक सोमनाथ भारती के कहने पर उनके कार्यकर्ताओं द्वारा धक्का मुक्की करने व बदसलूकी करने का आरोप लगाया है।
संचालिका ने साकेत थाने में शिकायत दी है। साकेत थाना पुलिस ने शिकायत ले ली है। हालांकि शनिवार शाम तक शिकायत पर किसी तरह का मामला दर्ज नहीं किया गया था। दक्षिण जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यक्रम की पूरी वीडियो फुटेज को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। सहेली नामक सामाजिक संस्था की संचालिका शबाना खान ने नौ जुलाई को दोपहर में साकेत थाने में दी शिकायत में कहा है कि हौजरानी स्थित उसके घर के नजदीक ईदगाह पार्क में 8 जुलाई को स्थानीय विधायक सोमनाथ भारती द्वारा ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया था।
'केजरीवाल के कार्यक्रम में छात्राओं और महिलाओं से हुई बदसलूकी'
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आए थे। कार्यक्रम में आम लोगों को भी बुलाया गया था। वह भी संस्था की बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ के तहत पढ़ने वाली छात्राओं व संस्था की महिलाओं के साथ कार्यक्रम में गई थी।
जब उसने छोटी-छोटी छात्राओं को मुख्यमंत्री से मिलाने का प्रयास किया तो आप विधायक सोमनाथ भारती के कहने पर आप कार्यकर्ताओं ने उनके व संस्था की अन्य महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की, अभद्र व्यवहार और बदसलूकी की।
कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम से बाहर निकालते हुए शारीरिक क्षति पहुंचाने की कोशिश की। वह कुछ कार्यकर्ताओं को पहचान सकती है। उन्होंने इसकी शिकायत सोमनाथ भारती से करने की कोशिश की, मगर विधायक ने अनसुना कर दिया।