खुलासाः सोशल मीडिया के चलते फैला ये आतंक
राजधानी में इबोला बीमारी फैल रही है और शहर इबोला की जद में है, आपने भी ऐसी खबरें सुनी होंगी। पर हम आपको बता दें कि यह बातें केवल सोशल मीडिया के जरिए फैलायी गईं हैं और अब तक पूरे देश में किसी भी इबोला केस की पुष्टि नहीं हुई है।
कई लोगों ने बताया है कि उन्हें दिल्ली में इबोला बीमारी के संक्रमण फैलने की जानकारी वॉट्सऐप के जरिए हुई। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय और अस्पतालों ने इसे महज कोरी अफवाह बताया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इबोला के फैलने वाली खबरों को गलत बताते हुए कहा कि भारत में इसका एक भी केस रजिस्टर नहीं हुआ है। लोगों को इन अफवाहों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए।
'अफवाह फैलाने वालों को मिले सजा'
अंग्रेजी दैनिक टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, अपोलो अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. अनुपल सिब्बल ने भी किसी इबोला के मरीज के होने की बात से इंकार किया। डॉ. सिब्बल ने बताया कि उन्हें भी इबोला के दिल्ली में आने के मैसेज मिले थे पर यह पूरी तरह गलत है।
इसी तरह के एक मैसेज में ये दावा किया गया था कि एक छात्र की इबोला से मृत्यु हो गई। सर गंगा राम अस्पताल के चेस्ट मेडिसिन विभाग के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. अरूप बसु ने बताया कि उन्हें मरीजों से लगातार इस बारे में प्रश्न आ रहे हैं।
उनका ये भी कहना है कि अफवाहें फैलाने वालों को पकड़ कर उन्हें सजा दी जानी चाहिए। बता दें कि सरकारी आंकड़ों में भारत में एक भी इबोला का केस दर्ज नहीं है।