मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर अभद्र टिप्पणी करना SI को पड़ा महंगा, वायरल हुआ ऑडियो टेप
सोरखा के पूर्व प्रधान को फोन पर खरी खोटी सुनाते समय मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर अभद्र टिप्पणी करना सेक्टर-49 थाने पर तैनात सब इंस्पेक्टर ब्रह्म सिंह को महंगा पड़ा।
एसएसपी के आदेश पर सब इंस्पेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम, जान से मारने की धमकी देना, मानहानि जैसी गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसएसपी ने एसआई को सोमवार रात ही सस्पेंड कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, ब्रह्म सिंह को सोरखा के पूर्व प्रधान नरेश यादव ने हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट के मामले में धारा कम करने के लिए पैरवी की। आरोप है कि उन्होंने जैसे ही एसआई को फोन किया तो वह भड़क गया।
धमकी दी तो SI ने आगबबूला होकर की सीएम पर अभद्र टिप्पणी
एसआई ने खरी खोटी सुनाई और भू माफिया तक घोषित कर दिया। इतना ही नहीं गालियां भी दीं। प्रधान से जैसे ही उसकी शिकायत शासन व प्रशासन में करने की धमकी दी तो एसआई और आगबबूला हो गया और उसने मुख्यमंत्री तक पर अभद्र टिप्पणी कर दी।
करीब दो मिनट का ऑडियो टेप सोशल मीडिया पर भी वायरल हो चुका है। टेप में रुपयों के लेन देन की भी बात सामने आई है जो एसआई ने आरोपी पक्ष से मांग की थी। यह टेप वायरल होते ही एसएसपी ने मामले का संज्ञान लिया और सोमवार रात एसआई ब्रह्म सिंह को सस्पेंड कर दिया।
'सोरखा के पूर्व प्रधान नरेश यादव की तहरीर पर एसआई ब्रह्म सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम 7/13, जान से मारने की धमकी देना, मानहानि की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।' - संदीप कुमार, डीएसपी