सीरो सर्वे में खुलासाः दिल्ली का हर चौथा व्यक्ति कोरोना संक्रमित, आठ जिलों में 20 फीसदी से अधिक लोगों में मिले एंटीबॉडी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी दिल्ली में हुए सीरो सर्वे में खुलासा हुआ है कि यहां हर चौथा व्यक्ति संक्रमित है। 21387 दिल्ली वासियों के रक्त की जांच में हर चौथे नमूने में वायरस से लड़ने वाले एंटीबॉडी पाए गए। यह एंटीबॉडी किसी व्यक्ति के शरीर में तभी मिलते हैं जब वह संक्रमण की चपेट में आता है। दिल्ली के 11 में से आठ जिलों में 20 फीसदी से अधिक लोगों में एंटीबॉडी मिले हैं। इनमें चार जिलों, मध्य, उत्तर पूर्वी, शाहदरा और उत्तरी दिल्ली में 27 फीसदी तक आबादी में एंटीबॉडीज मिले।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) के निदेशक डॉ. सुजीत कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 27 जून से 5 जुलाई के बीच दिल्ली में 21,387 लोगों के रक्त नमूने लेकर एंटीबॉडी की जांच की गई। इनमें 23.48 फीसदी लोगों में कोरोना वायरस के खिलाफ एंटीबॉडी मिले है।
दिल्ली की 15 लैब में इन नमूनों की जांच और दो सप्ताह तक लंबे अध्ययन के बाद यह रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है। दरअसल, किसी भी महानगर को लेकर यह देश का पहला सीरो सर्वे है। इससे पहले आईसीएमआर ने पूरे देश में अप्रैल माह में सर्वे किया था जिसमें 0.07 फीसदी से भी कम आबादी में एंटीबॉडी मिले थे।
इसी के तहत दिल्ली के दक्षिणी पूर्वी जिले में भी सीरो सर्वे किया गया था लेकिन यहां का परिणाम सबसे ज्यादा था जिसके चलते दिल्ली में बड़े स्तर पर सीरो सर्वे की जरूरत महसूस हुई। इसके बाद पहली बार इतनी तादाद में किसी राज्य या महानगर की आबादी में कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई है।
डॉ. सुजीत कुमार सिंह ने बताया कि एंटीबॉडी की जांच सिर्फ महामारी के प्रबंधन को समझने के लिए जरूरी है। इसका मरीज के उपचार से कोई लेना देना नहीं है। दिल्ली में अधिकांश जनसंख्या का अनुपात संवेदनशील है। इसलिए लोगों को मास्क, शारीरिक दूरी और बार-बार हाथ धोने की आदत पर विशेष ध्यान देना होगा।
देखें एंटीबॉडी की जिलावार स्थिति
केंद्र व दिल्ली ने कसी थी कमर
पिछले महीने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की निगरानी में केंद्र और दिल्ली ने मिलकर कोरोना वायरस के खिलाफ कमर कसी थी। इसी दौरान गृहमंत्री ने राजधानी में सीरो सर्वे करने का आदेश दिया था ताकि यह पता चल सके कि दिल्ली की कितनी आबादी तक संक्रमण का प्रसार हो चुका है।
कोरोना एंटीबॉडी की जिलावार स्थिति
जिले कितने सैंपल लिए कितनी आबादी में एंटीबॉडी मिले (फीसदी में)
दक्षिणी पूर्वी 1793 22.12
शाहदरा 1457 27.61
उत्तर पश्चिम 3548 23.31
नई दिल्ली 1195 22.87
मध्य दिल्ली 2702 27.86
दक्षिणी पश्चिमी 1757 12.95
उत्तर पूर्वी 1506 27.7
पूर्वी दिल्ली 1526 23.9
उत्तरी दिल्ली 2076 25.26
दक्षिणी दिल्ली 1454 18.61
पश्चिमी दिल्ली 2373 19.13
लॉकडाउन का फायदा, 77 फीसदी आबादी अभी भी सुरक्षित
डॉ. सुजीत कुमार सिंह ने कहा, समय पर लॉकडाउन का नतीजा है कि दिल्ली में अभी भी 77 फीसदी आबादी में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि इसमें बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं व कमजोर इम्युनिटी के लोग शामिल हैं। इसलिए इस आबादी को सतर्कता की जरूरत है। समय पर लॉकडाउन से दिल्ली में संक्रमण का काफी हद तक फैलाव नहीं हो सका।
सीरो सर्वे 18 जून की तस्वीर
एनसीडीसी के अनुसार सीरो सर्वे की यह तस्वीर बीते 18 या 19 जून की है। क्योंकि संक्रमित होने के बाद शरीर में एंटीबॉडी बनने में कुछ वक्त लगता है। 27 जून से सैंपलिंग शुरू हुई थी। इसलिए यह कहा जा सकता है कि दिल्ली में पिछले महीने ऐसे हालात थे। हालांकि पिछले 15 दिन में रोजाना आ रहे सुधार से उम्मीद जताई जा रही है कि फिलहाल दिल्ली में हालात और भी अधिक सामान्य हो सकते हैं। संभावना यह भी है कि जल्द ही दोबारा इस तरह का सर्वे किया जा सकता है।