दिल्ली: सेल अध्यक्ष पर हुआ जानलेवा हमला, मौके पर पहुंची पुलिस ने दो को दबोचा
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया(सेल) के अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी पर नई दिल्ली के हुडको प्लेस के पास बुधवार रात चार अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला करने की कोशिश की। घटना उस समय की है जब अनिल चौधरी बीती रात कार में सवार हो कर दफ्तर से घर वापस आ रहे थे।
सेल ने गुरुवार को आधिकारिक बयान जारी करके मामले की जानकारी दी। अनिल चौधरी रात के करीब साढ़े दस बजे दफ्तर से घर आ रहे थे, जब पीछे से आ रही एक कार ने इरादतन उनकी कार को टक्कर मार दिया। उस कार में चार लोग सवार थे।
जोर से टक्कर लगने के बाद जैसे ही अनिल और उनके ड्राइवर अपनी गाड़ी से बाहर निकले, तो दूसरी कार से उतर कर एक युवक ने अनुल के ड्राइवर का कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद पीछे से बाकी तीन लोग भी कार से उतरे और अनिल पर लोहे की छड़ से हमला करने लगे। बदमाशों के पास चाकू भी थे।
संयोग से पहुंची पुलिस
संयोग से मौके पर मोटरसाइकिल से गश्त कर रही पुलिस की टीम पहुंच गई और दो अपराधियों को दबोच लिया। बुरी तरह से घायल अनिल को इलाज के लिए तुरंत एम्स में भर्ती कराया गया। मामले को लेकर हौज खास थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस हर संभव तरीके से मामले की जांच में जुटी हुई है।
इधर गुरुवार को सेल अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं हमलावरों द्वारा किए गए इस अप्रत्याशित और हिंसक हमले से आश्चर्यचकित हूं। मुझ पर जानलेवा हमला किया गया, अगर पुलिस मौके पर नहीं पहुँचती तो कुछ भी हो सकता था। मैं दिल्ली पुलिस का बहुत-बहुत आभारी हूं। पुलिस अगर समय पर नहीं पहुँचती तो 2 हमलावरों को नहीं पकड़ा जा सकता था। मुझे पूरा भरोसा है कि पुलिस इस मामले की जांच करेगी और सभी दोषियों को गिरफ्तार करेगी।