30 एसी वाले घर में रहते हैं केजरीवाल, बिल 1 लाख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खुद को आम आदमी का हमदर्द कहने वाले आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का बिजली बिल किसी भी आम आदमी को चौंका सकता है।
मात्र दो महीने की अवधि के अंदर केजरीवाल के सरकारी घर के बिजली का बिल एक लाख रुपए से भी अधिक आया है। ये जानकारी एक आरटीआई से प्राप्त हुई है।
आरटीआई एक्टिविस्ट विवेक गर्ग ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बिजली का खर्च जानने के लिए एक आरटीआई दायर की थी। उस आरटीआई के जवाब में उन्हें दो बिजली बिल मिले वो खासे चौंकाने वाले हैं।
'केवल दूसरों को सीख देते हैं केजरीवाल'
विवेक गर्ग ने दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासनिक विभाग में आरटीआई दायर कर केजरीवाल के सिविल लाइन्स स्थित सरकारी आवास के बिजली बिल की जानकारी मांगी थी।
इस आरटीआई के जवाब में उन्हें दो बिल मिले जिनमें एक 55,999 रुपए और दूसरा 65,780 रुपए का था। इस आरटीआई के आने के बाद विपक्ष ने केजरीवाल पर हमला तेज कर दिया है।
बीजेपी के प्रवक्ता जीवीएल नरसिंहा राव ने कहा कि केजरीवाल की सीख केवल दूसरे राजनेताओं के लिए हैं। उनके खुद के लिए उनकी कोई सीख या सुझाव नहीं है। आप दोबारा बेपर्दा हो चुकी है।
केजरीवाल के सरकारी आवास में है 30-32 एसी
वहीं आरटीआई दाखिल कर केजरीवाल के घर की बिजली की जानकारी मांगने वाले वकील व आरटीआई एक्टिविस्ट विवेक गर्ग भी केजरीवाल की आलोचना करते हैं।
उन्होंने कहा कि एक तरफ जनता को बिजली नहीं मिल रही है और दूसरी तरफ केजरीवाल जी जनता के पैसे से बिजली एंज्वॉय कर रहे हैं।
गर्ग आगे कहते हैं कि जब केजरीवाल अपना इलाज करा कर वापस आए थे तो उन्होंने कहा था कि वो अब एसी का इस्तेमाल नहीं करेंगे, लेकिन इस समय उनके घर में 30-32 एसी हैं। विवेक कहते हैं कि ये आम आदमी के साथ एक बहुत भद्दा मजाक है।
आप ने दी सफाई गलत तरीके से दिखाया जा रहा बिल
मीडिया में केजरीवाल के घर के बिजली के बिल की खबर आने के बाद अब उनकी फजीहत हो रही है। चोरों तरफ से आलोचना झेलने के बाद इस मसले पर आम आदमी पार्टी ने अपनी सफाई दी है।
पार्टी के प्रवक्ता नागेंद्र शर्मा ने बताया कि जो बिल आरटीआई में दिखाया गया है वो कैंप ऑफिस, जनता दरबार हॉल और घर का सामूहिक बिल है। इसे गलत तरीके से दिखाया गया है।
वहीं पार्टी प्रवक्ता दीलिप पांडे ने कहा कि हर रोज सैकड़ों लोग कैंप ऑफिस और जनता दरबार में अपने काम के लिए आते हैं। इसलिए बिजली केवल सीएम की अकेली नहीं है।
'घर का बिल केवल 15 हजार'
दिल्ली सरकार ने कहा है कि मीडिया के कुछ सेक्शन में ये बताया गया है कि सीएम के निवास के तीन महीने का बिजली का बिल लगभग 1 लाख है।
वहीं बिजली बिल मामले में दिल्ली सरकार ने सफाई दी है कि केजरीवाल के बंगले का एक हिस्सा उनके निजी निवास के लिए दिया गया है। वहां पर बिजली का कनेक्शन भी अलग ही दिया गया है।
जनरल एडमिन डिपार्टमेंट ने जनता संवाद, ऑफिस कार्य आदि कामों के लिए उसी प्रांगण में व्यवस्ता की है जहां केजरीवाल रहते हैं। इन सब कामों के लिए अलग-अलग कनेक्शन दिया गया है।
एसी नहीं लगे हैं केजरीवाल के आवास पर
दिल्ली सरकार का ये भी कहना है कि ये देखा जा सकता है कि केजरीवाल
के घर का बिजली का बिल 15000 रुपए प्रतिमाह के आसपास ही है। जो मीडिया
रिपोर्ट्स से बिल्कुल अलग है।
दिल्ली सरकार के मीडिया सलाहकार नागेंद्र शर्मा ने एसी मुद्दे पर अपनी बात साफ करते हुए कहा कि एसी सीएम आवास से ताल्लुक नहीं रखते। उनका कहना है कि इस तरह की गलत धारणा नहीं फैलाई जानी चाहिए।