रोडरेज: बेटे की बाइक टकराई, पिता के तोड़ दिए पैर
सूरजपुर चौकी के पास ही सोमवार शाम छोटी सी बात को लेकर कार सवार दो युवकों ने एक आरएमपी डॉक्टर की पिटाई कर दी और फरार हो गए। डॉक्टर के किशोर बेटे की बाइक युवकों की कार में टकरा गई थी।
विवाद की सूचना पर पहुंचे किशोर के पिता के विरोध करने पर नाराज युवकों ने डॉक्टर की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित ने सूरजपुर थाने में शिकायत दी है।
पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है। दारोगा कॉलोनी सूरजपुर निवासी डॉ. बीके झा अपने परिवार सहित रहते हैं। यहीं पर उनकी डिस्पेंसरी है। सूरजपुर थाना प्रभारी समरजीत सिंह ने बताया कि सोमवार शाम उनका 14 वर्षीय बेटा मोटरसाइकिल लेकर निकला था।
बेटे की टकराई थी बाइक
इस दौरान सूरजपुर चौकी से कुछ दूरी पर एक कार से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद कार सवार युवकों ने उसकी बाइक की चाभी छीनकर अपने पिता को बुलाने का कहा।
जब डॉ. बीके झा मौके पर पहुंचे तो युवकों ने उन्हें बच्चे को बाइक देने का ताना देते हुए जमकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर डंडे से उनकी पिटाई कर फरार हो गए। पीड़ित को परिजन रात में कैलाश अस्पताल ले गए।
जहां उनके दोनों पैर में फ्रैक्चर की रिपोर्ट आई है। पीड़ित ने थाना सूरजपुर में कार नंबर के साथ दोनों युवकों के खिलाफ शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।