दिल्ली: परिजनों ने ऑटो मालिक पर लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप, घर से बुलाकर ले गया था आरोपी
दिल्ली के गोकुलपुरी स्थित बृजपुरी में रहने वाले निखिल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। निखिल सीलमपुर निवासी जुबैर नाम के शख्स का किराए पर ऑटो चलाता था। परिजनों ने ऑटो मालिक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। वह शनिवार को घर से निखिल को बुलाकर ले गया था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी स्थित बृजपुरी में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की शिनाख्त निखिल (23) के रूप में हुई है। रविवार सुबह कोई अंजान व्यक्ति निखिल को जख्मी हालत में जग प्रवेश चंद अस्पताल के गेट पर छोड़कर फरार हो गया। अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने उसे अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद परिवार भी उसे तलाश करता हुआ अस्पताल पहुंच गया। परिवार ने निखिल के ऑटो मालिक जुबैर पर उसकी पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि जग प्रवेश चंद अस्पताल लाने से पूर्व निखिल को जीटीबी अस्पताल भी ले जाया गया था। पुलिस दोनों अस्पतालों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार निखिल अपने परिवार के साथ बृजपुरी, गोकुलपुरी में रहता था। इसके परिवार में पिता रघुबीर वर्मा, मां रचना, तीन बहनें और एक भाई अखिल है। निखिल का चांदनी चौक इलाके में कपड़े का काम था। लेकिन कोरोना की वजह से उसका काम बंद हो गया था। निखिल और अखिल दोनों ही भाई सीलमपुर में रहने वाले जुबैर नामक शख्स का ऑटो किराए पर लेकर चला रहे थे। परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने किसी वजह से अखिल से ऑटो जब्त कर लिया था। शनिवार दोपहर को जुबैर उनके घर पहुंचा और अखिल के बारे में पूछताछ करने लगा। उस समय अखिल घर पर नहीं था। निखिल बातचीत के लिए बाहर आया तो जुबैर उसे अपने साथ ले गया। लेकिन देर रात तक निखिल वापस नहीं लौटा। परिवार ने जुबैर को कॉल किया तो उसने कहा कि निखिल अभी थोड़ी देर में पहुंच जाएगा।
लेकिन रातभर निखिल घर वापस नहीं लौटा। सुबह परिवार ने जुबैर के पास कॉल किया तो उसने कहा कि उसे अस्पताल जाकर ढूंढो। निखिल अब वहीं मिलेगा। परेशान जग प्रवेश चंद अस्पताल पहुंचा तो उनको निखिल वहां मृत हालत में मिला। वहां परिवार को पता चला कि उसे कोई अज्ञात शख्स गेट जख्मी हालत में छोड़कर फरार हो गया था। मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।