G-20: रेलवे और मेट्रो पुलिस भी चाक चौबंद, स्टेशनों पर CCTV कैमरों से रखी जा रही नजर; पटरियों पर भी हो रही गश्त
आयोजन स्थल के सबसे करीब नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। विदेशी मेहमानों का काफिला तिलक ब्रिज, भैरों रोड रेलवे ब्रिज, रिंग रोड रेलवे ब्रिज, सरदार पटेल मार्ग ब्रिज और अफ्रीका एवेन्यू ओवर ब्रिज से होकर गुजरेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जी-20 सम्मेलन की सुरक्षा व्यवस्था के लिए रेलवे व मेट्रो पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रगति मैदान के आसपास के स्टेशनों पर खासी चौकसी बरती जा रही है। जिन रेलवे ब्रिज के नीचे से विदेशी मेहमानों का काफिला गुजरेगा, वहां विशेष तौर पर निगरानी रखी जा रही है। आयोजन स्थल के आसपास के स्टेशनों पर किसी भी वाहन को खड़ा करने की अनुमति नहीं है।
पुलिस के अनुसार, सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों का 8 सितंबर से दिल्ली आना शुरू हो जाएगा। इसे लेकर दिल्ली पुलिस के अलावा सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने संयुक्त रूप से राजधानी के सात रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा की कमान संभाल ली है। आयोजन स्थल के सबसे करीब नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। विदेशी मेहमानों का काफिला तिलक ब्रिज, भैरों रोड रेलवे ब्रिज, रिंग रोड रेलवे ब्रिज, सरदार पटेल मार्ग ब्रिज और अफ्रीका एवेन्यू ओवर ब्रिज से होकर गुजरेगा।
इन जगहों पर अत्याधुनिक हथियार से लैस जवान तैनात किए गए हैं। आयोजन स्थल के आसपास से गुजरने वाली रेलवे पटरियों के पास भी जवानों को तैनात किया गया है जो लगातार गश्त कर रहे हैं। स्टेशनों के पास अंधेरे में रहने वाली जगहों पर लाइट लगाई गईं हैं। साथ ही, निगरानी के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर करीब 75 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है।
मेट्रो रूट की सीसीटीवी से निगरानी
प्रगति मैदान के आसपास के मेट्रो स्टेशनों पर मेट्रो पुलिस के साथ-साथ सीआईएसएफ और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात हैं। आयोजन के दौरान मेट्रो सेवा जारी रहेगी। मेट्रो के पूरे रूट पर लगे सीसीटीवी को बारीकी से निगरानी की जा रही है। पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान यात्रा के दौरान मेट्रो में भी गश्त करेंगे और संदिग्धों की निगरानी करेंगे।
पार्किंग में नहीं रहेंगे वाहन
सम्मेलन के दौरान रेलवे स्टेशनों और सम्मेलन स्थल के पास स्थित पटेल चौक, आरके आश्रम और सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में वाहन खड़े नहीं होंगे। आवश्यक वाहनों को छोड़कर किसी भी वाहनों को यहां ठहरने की इजाजत नहीं होगी। स्टेशनों पर जाने वाले यात्रियों को छोड़ने की इजाजत होगी, लेकिन किसी को स्टेशन से ले जाने पर पूरी तरह से रोक होगी।
रेलवे पार्सल पूरी तरह से बंद
रेलवे के पार्सल घर बंद रहेगा। रेलवे पुलिस उपायुक्त ने रेलवे डीआरएम को पत्र लिखकर इसे बंद करने का अनुरोध किया था, जिसे रेलवे ने स्वीकार कर लिया है।
संदिग्ध लोगों की सूचना देने की अपील
रेलवे स्टेशनों पर मौजूद कुली, सफाई कर्मी, ऑटो व टैक्सी चालकों को यहां आने वाले संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने के लिए कहा गया है। इसकी जानकारी पुलिस को देने की अपील की है, ताकि समय रहते पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
एलजी व मुख्य सचिव ने परखीं तैयारियां
उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मुख्य सचिव नरेश कुमार, पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा, एनडीएमसी अध्यक्ष, एमसीडी आयुक्त सहित अन्य के साथ जी-20 की तैयारियों का जायजा लिया। सबसे पहले उपराज्यपाल पुलिस मुख्यालय में स्थापित अत्याधुनिक विकसित नियंत्रण कक्ष पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस आयुक्त के साथ सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि दिल्ली को सुरक्षित बनाने के लिए विभिन्न हिस्सों में पांच हजार से अधिक सीसीटीवी से लाइव फुटेज मिलेगी। इसके अलावा 25 सुरक्षाकर्मियों वाली दो टीमें अलग-अलग शिफ्टों में निगरानी करेंगी। सभी प्रकार की डिजिटल जानकारी चौबीस घंटे नियंत्रण कक्ष में भेजी जाएंगी। इसके बाद उन्होंने भारत मंडपम, एनडीएमसी के आपदा प्रबंधन केंद्र, पालम एयरपोर्ट के साथ दूसरे कई इलाकों का दौरा किया।
विशेष कमांड रूम तैयार
दिल्ली में छोटी से छोटी घटना पर नजर रखने के लिए 30 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिए एक विशेष कमांड रूम स्थापित किया गया है। पुलिस नियंत्रण कक्ष के अलावा, उपराज्यपाल ने एनडीएमसी के आपदा प्रबंधन कक्ष के नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी और लगभग 30 कर्मचारी कार्यरत हैं, जो पानी के रिसाव, फुटपाथ की क्षति जैसी शिकायतों के तुरंत समाधान के लिए चौबीस घंटे काम कर रहे हैं।
जेट वाटर से होगी सफाई
निरीक्षण के दौरान उपराज्यपाल ने आईजीआई एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों पर खास जोर दिया और निर्देश दिया कि उन इलाकों को धूल मुक्त बनाया जाए व आवश्यकता पड़ने पर सड़कों व फुटपाथों को जेट वाटर से साफ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से वीआईपी क्षेत्रों की हरियाली पर अतिरिक्त निगरानी रखने और सूखे पौधों व फूलों के स्थान पर ताजे पौधे लगाने के आदेश दिए।
एनएसजी ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह संभाला
एनएसजी ने प्रगति मैदान समेत दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह संभाल लिया है। दिल्ली पुलिस ने लोगों को नई दिल्ली व मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में न जाने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि लोग मेट्रो से यात्रा करें और मैप माई इंडिया एप पर नेविगेशन लगाकर बंद रास्तों के बारे में पता कर लें। पूरे नई दिल्ली इलाके में हजारों सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों का कंट्रोल रूम पुलिस मुख्यालय की छठी मंजिल पर बनाया गया है। यहां पर पचास से ज्यादा पुलिसकर्मी कैमरों से जुड़ी स्क्रीन पर नजर रखे हुए हैं। नई दिल्ली के हर पुलिस स्टेशन में भी कैमरों का कंट्रोल रूम बनाया गया है। इन कंट्रोल रूम से पुलिस स्टेशन क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी जा रही है। होटलों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। रायसीना रोड से प्रेस क्लब तक के मार्ग को बंद कर दिया गया है।
आकर्षक फूलों से महकने लगीं सड़कें
एनडीएमसी ने नई दिल्ली इलाके को फूलों से सजाना शुरू कर दिया है। प्रमुख चौराहों व अतिथियों के आवागमन वाले रास्तों पर जी-20 के लोगो व संदेश वाले फूलों के बोर्ड लगाने शुरू कर दिए हैं। विभिन्न जगहों पर फूलों के फव्वारे भी बनने लगे हैं। जी-20 के लोगो और स्लोगन वसुधैव कुटुंबकम एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य को प्रमुखता से प्रदर्शित करने वाले 40 फूलों के बोर्ड विभिन्न स्थानों पर स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया है। 24 स्थानों पर फूलों के फव्वारे भी बनाए जा रहे हैं। यह फव्वारे अतिथियों के होटलों, आयोजन स्थल, उनके आने जाने के रास्ते में आने वाले चौराहों के अलावा अन्य प्रमुख स्थानों पर बनाए जा रहे हैं।
मेहमाननवाजी के लिए 100 महिला उद्यमी अनुवादक के रूप में बाजार में रहेंगी मौजूद
सम्मेलन में शामिल होने के लिए शुक्रवार से विदेशी मेहमानों का दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। व्यापारी संगठनों ने उनकी मेहमाननवाजी की तैयारियां पूरी कर ली हैं। व्यापारिक संगठनों से 100 महिलाओं की टीम बनाई है जो विदेशी भाषा की जानकार है। भाषा अनुवादक के रूप में ये महिला उद्यमी मुफ्त में सेवा देंगी। इसी तरह चांदनी चौक, सरोजनी नगर समेत कई बाजारों को भी विदेशी मेहमानों के पहुंचने का इंतजार है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने दिल्ली की 100 प्रतिष्ठित महिला उद्यमियों की टीम तैयार की है। ये महिलाएं बाजारों से भली-भांति परिचित हैं। साथ ही, अंग्रेजी, फ्रेंच, स्पेनिश, जर्मन भाषा की जानकार भी हैं। महिलाएं मेकअप आर्टिस्ट, फैशन डिजाइनर, ब्लॉगर, सैलून मालिक, बुटिक मालिक हैं। सीटीआई ने इनकी सूची विदेश मंत्री को भेजी है। सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि अनुवाद के लिए व्यापारियों से संवाद करने के लिए इन्हें तैयार किया गया है।
दिल्ली-6 का दरीबा भी सत्कार करने को तैयार
चांदनी चौक स्थित दरीबा के ज्वेलर तरुण का कहना है कि आभूषण की दुकानें शिखर सम्मेलन के दौरान खुली रहेंगी। विदेशी मेहमान दिल्ली-6 के दरीबा में पहुंचते हैं तो खास तरह से दुकानदार उनका सत्कार करने को तैयार हैं। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल कहा कि संचार उपकरण, खिलौने, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं, भारतीय हस्तशिल्प, आतिथ्य सेवा क्षेत्र से संबंधित निर्यात व्यापार में बड़ी वृद्धि की उम्मीद है। उपकरण, रत्न और आभूषण, फर्निशिंग आइटम, इलेक्ट्रॉनिक आइटम के निर्यात व्यापार में भी वृद्धि की संभावना है। नई दिल्ली में आयोजित होने वाला यह अपनी तरह का अनोखा अंतरराष्ट्रीय आयोजन है, जोकि भारतीय व्यापार के लिए कई बेहतर रास्ते खोलेगा।