छह हत्याएं करने वाले को बचाने में जुटे डॉक्टर, ब्रेन हेमरेज के बाद हालत नाजुक
नरेश को ब्रेन हेमरेज, बचाने में जुटे डॉक्टर
-मंगलवार देर रात सफदरजंग में शुरू हुआ ऑपरेशन
विस्तार
पलवल में छह हत्याएं करने वाले आरोपी को बचाने में डॉक्टरों की टीम जुट गई है। मंगलवार देर रात सफदरजंग अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने आरोपी नरेश का ऑपरेशन शुरू कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, देर शाम हरियाणा पुलिस आरोपी नरेश को लेकर इमरजेंसी वार्ड पहुंची थी।
नरेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नरेश को ब्रेन हेमरेज बताया गया है। अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि नरेश की हालत गंभीर है। ब्रेन हेमरेज की वजह से उसे तत्काल इलाज देना जरूरी है।
यही वजह है कि प्रबंधन ने आनन-फानन में दो वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में एक टीम बनाकर इलाज शुरू करवाया है। हालांकि डॉक्टरों के नाम प्रबंधन ने फिलहाल सार्वजनिक नहीं करने की बात कही है।
तनाव से बनता है किलर
इंसान का दिमाग कई गुना तेज रफ्तार से दौड़ता है। अगर कोई तनावग्रस्त है और अंदर ही अंदर कोई बात उसे तनाव दे रही है तो ऐसे व्यक्ति आगे चलकर बड़ा खतरा बन सकते हैं। ये कहना है दिल्ली के मनोचिकित्सालय इहबास के निदेशक डॉ. निमेश देसाई का।
डॉ. देसाई का कहना है कि जब तनाव दैनिक जीवन को प्रभावित करने लगे, उस वक्त पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल में काउंसिलिंग की सेवा लेना चाहिए। ताकि वह उग्र होने से पहले ही अपना संयम पा सके।