'बिहारी दुल्हन' वाले बयान पर घिरे भाजपा नेता!
विवादित बयान देकर भाजपा नेता ओम प्रकाश धनखड़ बुरे फंस गए हैं। सोमवार को पूर्वांचल समाज के लोगों ने गऊशाला ग्राउंड में बड़ी संख्या में एकत्र होकर धनखड़ के खिलाफ नारेबाजी की।
गऊशाला ग्राउंड से मार्च करते हुए सभी डाकखाना चौक पहुंचे। वहीं पर ओम प्रकाश धनखड़ और सुशील मोदी का पुतला फूंका गया।
पूर्वांचल समाज के लोगों ने कहा कि ओम प्रकाश धनखड़ के बयान से पूरे बिहार का अपमान हुआ है। अपनी बहन-बेटियों के अपमान को वह किसी भी सूरत में नहीं सहेंगे।
'सार्वजनिक रूप से मांगें माफी'
सभी की मांग है कि जिस प्रकार से उन्होंने बिहार की बहन-बेटियों के प्रति बेतुकी बात सार्वजनिक रूप से कही है, उसी प्रकार से उन्हें माफी भी मांगनी होगी।
पूर्वांचल महासंघ के अवधेश सिंह ने कहा कि अगर 15 दिनों के अंदर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो और बढ़ा आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्वांचल समाज की सभी संस्थाओं ने संयुक्त रूप से जिला उपायुक्त को ज्ञापन दिया।
इसमें आर्याव्रत जनकल्याण संघ, पूर्वांचल कल्याण संघ, सर्वोदय पूर्वांचल संघ, पूर्वांचल एकता मंच और पाटलीपुत्र सांस्कृतिक चेतना समिति के लोग शामिल हैं। ज्ञापन में धनखड़ से सार्वजनिक माफी मांगने के लिए कहा गया है।