प्रद्युम्न के रायन स्कूल पहुंची CBI, 1 दिन की रिमांड पर लिए तीनों आरोपी
भोंडसी स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्र प्रद्युमन की हत्या मामले में शुक्रवार को सीबीआई के मामला दर्ज करने के बाद एक तीन सदस्यीय टीम शनिवार सुबह 11:30 बजे स्कूल पहुंची। सीबीआई ने मुख्य आरोपी कंडक्टर समेत रायन स्कूल के एचआर हेड और जोनल हेड को एक दिन की रिमांड पर ले लिया है।
#PradyumanMurderCase: 3 accused (bus conductor & 2 people from Ryan), who were earlier arrested by Haryana Police, sent to 1 day CBI custody
— ANI (@ANI) September 23, 2017
सीबीआई के साथ ही 12 सदस्यों वाली फॉरेंसिक टीम भी है जो मौका-ए-वारदात की जांच में जुटी है। सीबीआई ने स्कूल के सभी टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ को भी पूछताछ के लिए बुलवाया है।
सभी टीचर्स स्कूल पहुंच चुके हैं और सीबीआई उनसे पूछताछ कर रही है। इसी के साथ ही स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। स्कूल की टूटी चारदीवारी बनवाने के साथ ही स्कूल के एंट्री गेट पर गार्ड्स ने सख्ती बढ़ा दी है।
स्कूल के सभी फोर्थ क्लास कर्मचारियों को आईडी कार्ड दिए गए हैं। वहीं आज स्कूल में ही अभिभावकों और डिप्टी कमिश्नर(डीसी) की 1 बजे बैठक है। सुबह से मात्र दो अभिभावक ही स्कूल पहुंचे हैं और उनमें से एक टीसी निकलवाने आया था। पैरेंट्स और डीसी की मीटिंग स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रखी गई है।
कल मामला दर्ज कर एसआईटी की रिपोर्ट कब्जे में ली
भोंडसी स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्र प्रद्युमन की हत्या मामले में शुक्रवार को सीबीआई ने मामला दर्ज कर लिया है। शुक्रवार देर शाम को ही सीबीआई की एक टीम गुरुग्राम पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंच गई और सभी संबंधित दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया।
सूत्रों के मुताबिक शनिवार को टीम स्कूल में मौका-ए-वारदात का मुआयना करेगी और संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी। बता दें कि प्रद्युम्न हत्याकांड में पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या, धारा 34 के तहत षड्यंत्र का मामला दर्ज किया था, जबकि स्कूल प्रबंधन के दो शीर्ष अधिकारी फ्रांसिस थॉमस व जेयस थॉमस के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा-75 के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस आयुक्त संदीप खिरवार ने बताया कि सीबीआई ने गुरुग्राम पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले को हूबहू दर्ज किया है। मामले की जांच के दौरान जो धाराएं इजात की गई थी, उन पर भी सीबीआई ने फिलहाल कोई कटौती नहीं की है।
शुक्रवार देर शाम टीम ने पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर मामले में अब तक गुरुग्राम पुलिस की एसआईटी द्वारा की गई जांच की रिपोर्ट को अपने अधीन लिया है। इसके साथ ही टीम ने पुलिस आयुक्त से मामले की संबंधित जानकारी भी हासिल की है। अब टीम शनिवार को भोंडसी स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल में मौआ-ए-वारदात का मुआयना करने की तैयारी कर रही है।