बहन के साथ सो रही थी युवती, एकतरफा प्यार में उड़ेला तेजाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एकतरफा प्यार में सिरफिरे ने शनिवार रात घर में घुसकर छोटी बहन के साथ सो रही युवती के चेहरे पर तेजाब उड़ेल दिया और भाग निकला। युवती की चीखपुकार पर परिजन उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लाए जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया।
पीड़िता के पिता ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मामला गांव मूढ़ीबकापुर का है जहां के निवासी हबीब अंसारी की बेटी रूबीना अपनी छोटी बहन के साथ शनिवार रात एक ही चारपाई पर रजाई ओढ़कर सो रहीं थीं।
पास में ही हबीब और उनकी पत्नी भी सोए थे। रात 11 बजे एक युवक दीवार फांदकर घर में घुसा और उसने चारपाई पर सो रही बड़ी बेटी के ऊपर से रजाई उठाकर उसके पूरे चेहरे पर तेजाब डाल दिया।
अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया आरोपी
फिर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। युवती की चीख-पुकार पर जागे परिजन आनन फानन रुबीना को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखावटी पहुंचे।
रूबीना का पूरा चेहरा बुरी तरह झुलस गया था। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना पर एसओ औरंगाबाद पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस तेजाब से खराब हुए पीड़िता के कपड़े बरामद किए। पीड़िता के पिता ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पूछताछ के दौरान उन्होंने आरोपी के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की।
मंगेतर को मिली थीं फोन पर धमकियां
अभी तक हुई पुलिस पड़ताल में एसिड अटैक के पीछे एकतरफा प्यार का मामला सामने आ रहा है। पीड़िता के पिता की माने तो तेजाब उड़ेलने वाले ने पीड़िता के खानपुर निवासी मंगेतर को फोन पर कई बार धमकियां दीं।
उसने शादी न करने को धमकाते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। इससे मंगेतर भी घबरा गया था। शादी 21 दिसंबर को होनी तय थी। इसका लाल खत भी एक-दो दिन में जाने वाला था।
परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने युवती का चेहरा देखकर ही तेजाब डाला था। क्योंकि युवती के बराबर में उसी चारपाई पर उसकी छोटी बहन भी सो रही थी। आरोपी ने रजाई हटाई और कमरे के नीम अंधेरे में युवती को पहचाना और तेजाब उड़ेलकर भाग गया।
शराब के पव्वे में लाया था एसिड
घटना स्थल के पास से एक खाली शराब का पव्वा मिला है। जिसमें एसिड लाया गया था। शराब के पव्वे में करीब 200 ग्राम एसिड था।
एसिड इतना खतरनाक था कि 12 घंटे बाद भी पव्वे से धुंआ निकल रहा था। एसिड को ग्रामीण गंधक का बता रहे है। सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद भी बाजार में खुलेआम तेजाब की बिक्री चल रही है।
घटना से साफ है कि तेजाब बाजार में बिक रहा है। औरंगाबाद में मात्र दो ही एसिड की दुकानें हैं।
युवक कहां से एसिड खरीदकर लाया
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, एसिड खरीदने वाले को अपना पहचान पत्र दिखाना पड़ता है। इसका रिकॉर्ड दुकानदार को रखना होता है।
ऐसे में सवाल है कि आखिर आरोपी युवक कहां से एसिड खरीदकर लाया है। जिस मोबाइल से युवती से मंगेतर को शादी करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी, उस मोबाइल का नंबर मंगेतर से पता कर डिटेल निकालने पर पुलिस विचार कर रही है।
ताकि पता चल सके कि धमकी देने वाला ही तेजाब फेंकने वाला तो नहीं है। या फिर वह धमकी क्यों दे रहा था।