दिल्ली में तेज हुआ पोस्टर वार, अब भाजपा करेगी बड़ा पलटवार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में राजनीति की मर्यादा तार-तार हो रही है। मुख्यमंत्री केजरीवाल के प्रधानमंत्री सर, को संबोधित पोस्टर में दिल्ली की सरकार को काम करने देने की नसीहत देने के बाद पोस्टर वार तेज हो गया है।
विज्ञापनों में लगातार भाजपा पर हमले जारी रहने पर अब प्रदेश भाजपा भी केजरीवाल के खिलाफ बड़ा पोस्टर वार शुरू करने की तैयारी कर चुकी है।
सिर्फ बात यही तक नहीं रुकने वाली, बल्कि बताया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी की राज्य ईकाई बड़े पैमाने पर पोस्टर वार में कूदने की तैयारी में है।
जिसके तहत वह केजरीवाल के पूर्व में किए गए वायदे व अब पलटवार को मुख्य रूप से उठाएगी। इसमें वैट बढ़ाने, पुलिस को दिल्ली पुलिस के अंडर देने व मुख्यमंत्री के अन्य मुद्दों पर अपने पूर्व के बयानों से पलटने को मुख्य रूप से उठाया जाएगा।
पोस्टर के अलावा टीवी व एफएम पर भी भाजपा अपना पक्ष रखने की तैयारी कर रही है। जाहिर है कि दिल्ली सरकार के बाद भाजपा व अन्य संगठनों का एक दूसरे पर राजनैतिक कीचड़ उछालने में करोड़ों रुपया खर्च होगा।
भगत सिंह सेना ने लगाए पोस्टर
दरअसल आम आदमी पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करने वाले पोस्टर पूरे दिल्ली में लगाए जाने के बाद शनिवार को भगत सिंह क्रांति सेना ने राजधानी में जवाबी पोस्टर लगाए हैं।
सेना के इन पोस्टरों में लिखा है- केजरीवाल सर, आप इन 525 करोड़ के पोस्टर की जगह 15 लाख के कैमरे लगवा दीजिए। दिल्ली से अपराध खत्म हो जाएगा।
बता दें एक दिन पहले पीएम नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए दिल्ली सरकार ने राजधानी में पोस्टर लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया था कि वह दिल्ली सरकार को काम करने दें। पोस्टर पर लिखा था- 'प्रधानमंत्री सर, कृपया दिल्ली सरकार को काम करने दें। दिल्ली सरकार अच्छा काम कर रही है।'
केजरीवाल को दिया मुंहतोड़ जवाब
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष पद पर स्वाति मालीवाल की नियुक्ति को निरस्त करने के एलजी नजीब जंग के आदेश के बाद आम आदमी पार्टी ने इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार को दोषी करार देते हुए शहर में पोस्टर लगवाए थे।
आप का आरोप है कि दिल्ली में पुलिस से लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो तक को केंद्र सरकार अपने इशारे पर चलाना चाहती है। यही कारण है दिल्ली में अपराध बढ़ रहे हैं और भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
आनंद पर्बत इलाके में 19 वर्षीय लड़की की सरेआम चाकू घोंपकर हत्या के मामले के बाद आप सरकार का विज्ञापन रेडियो से लेकर टीवी चैनलों पर लगातार चल रहा है।
इस विज्ञापन में अरविंद केजरीवाल की आवाज में दिल्ली की जनता को यह बताने की कोशिश की जा रही है कि दिल्ली पुलिस निरंकुश ढंग से काम कर रही है क्योंकि वह न तो दिल्ली सरकार के नियंत्रण में और न ही प्रधानमंत्री उसे समय दे पा रहे हैं।
हालांकि इस विज्ञापन की दिल्ली पुलिस द्वारा आलोचना भी की गई है। खुद दिल्ली पुलिस कमीश्नर बीएस बस्सी ने ऐसे विज्ञापनों को पुलिस की छवि खराब करने वाला बताया था।