होली पर हुड़दंगियों को होगी जेल, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
होली के मद्देनजर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कोई भी हुड़दंग करता नजर आया तो उसकी जगह सीधी जेल में होगी। किसी भी हालत में हुड़दंगियों को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं खुली जीप व वाहनों की ओवरस्पीडिंग और बाइक पर दो से ज्यादा लोगों के चलने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चला कर कार्रवाई की जाएगी। चप्पे-चप्पे पर स्थानीय पुलिस बल व पीएसपी के जवान तैनात रहेंगे।
होली का त्योहार 24 मार्च को मनाया जाना है। वहीं, होलिका दहन 23 मार्च को है। ऐसे में आज से ही सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए हैं। शरारती असामाजिक तत्व इस अवसर पर शरारत करने की फिराक में रहते हैं।
जिससे कानून व्यवस्था शांति भंग होने की आशंका बनी रहती है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और लड़कियों, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, अश्लील हरकत नहीं होने देने के उद्देश्य से नोएडा पुलिस ने सख्त पुलिस प्रबंध किए हैं।
400 पुलिस मित्र भी करेंगे सहयोग
एसएसपी गौतमबुद्धनगर किरण एस. ने होली के अवसर पर हुड़दंग करने वालों पर नकेल कसने तथा अप्रिय घटना रोकने के मकसद से जिले के सभी एएसपी, डीएसपी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं।
जगह-जगह पर नाके लगाए जाएंगे तथा शराब पीकर नशा करके गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस की भी विशेष ड्यूटी लगाई गई हैं। ट्रैफिक नियमों के पालन न करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
संवेदनशील स्थानों पर बीते वर्षों में जिन स्थानों, गांवों में झगड़े हुए थे उन स्थानों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। नाकों पर एल्कोमीटर सहित ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों को तैनाती रहेगी। सुरक्षा संबंधी सारी तैनाती बुधवार रात से जिले में हो जाएगी। होली पर सुरक्षा की मॉनेटरिंग खुद एसएसपी करेंगे।
शहर में 400 से ज्यादा पुलिस मित्र बनाए गए हैं। यह पुलिस मित्र होली के अवसर पर अपने-अपने निवास क्षेत्र में संबंधित थाने की पुलिस फोर्स के साथ ड्यूटी करेंगे। वाहन चेकिंग से लेकर हुड़दंगियों तक नजर रखने की जिम्मेदारी इन पुलिस मित्रों की भी होगी।