{"_id":"6aed13e2434a71262708ad6f","slug":"pnb-scam-noida-22-crore-returned-to-50-account-holders-now-awaiting-interest-payments-2026-11-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"नोएडा पीएनबी घोटाला: दिवाली से पहले बैंक प्रबंधन ने 50 खाताधारकों को लौटाए 22 करोड़, अब ब्याज का इंतजार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नोएडा पीएनबी घोटाला: दिवाली से पहले बैंक प्रबंधन ने 50 खाताधारकों को लौटाए 22 करोड़, अब ब्याज का इंतजार
Fri, 06 Nov 2026 05:10 AM IST
दुष्यंत शर्मा
मोहम्मद बिलाल, ग्रेटर नोएडा
मोहम्मद बिलाल, ग्रेटर नोएडा
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 06 Nov 2026 05:10 AM IST
सार
अब तक करीब 50 खाताधारकों के 22 करोड़ रुपये से अधिक वापस किए जा चुके हैं। फिलहाल ग्राहकों को केवल मूलधन ही मिला है। फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) पर मिलने वाले ब्याज की रकम अभी खातों में नहीं पहुंची है। इससे किसानों और अन्य खाताधारकों की चिंता बनी हुई है।
विज्ञापन
demo
- फोटो : अमर उजाला, ग्राफिक
विस्तार
पाई-1 के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में खाताधारकों की जमा पूंजी में हेरफेर के मामले में बैंक प्रबंधन ने दिवाली से पहले रकम लौटानी शुरू कर दी है। अब तक करीब 50 खाताधारकों के 22 करोड़ रुपये से अधिक वापस किए जा चुके हैं। फिलहाल ग्राहकों को केवल मूलधन ही मिला है। फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) पर मिलने वाले ब्याज की रकम अभी खातों में नहीं पहुंची है। इससे किसानों और अन्य खाताधारकों की चिंता बनी हुई है।
विज्ञापन
खाताधारकों के मुताबिक, बैंक कर्मचारियों से ब्याज के बारे में पूछने पर बताया जा रहा है कि खातों में हेरफेर की शुरुआत वर्ष 2023 से हुई थी। बैंक प्रबंधन इस अवधि में प्रत्येक खाताधारक के खाते में जमा रकम और उस पर बनने वाले ब्याज का हिसाब लगा रहा है। इसके लिए अलग से गणना की जा रही है। बैंक की ओर से जांच पूरी होने के बाद ब्याज की रकम भी लौटाने की बात कही जा रही है। वहीं, खाताधारकों का कहना है कि उन्हें मूलधन के साथ ब्याज भी जल्द मिलना चाहिए, क्योंकि उनकी एफडी लंबे समय से बैंक में जमा थी।
विज्ञापन
बैंक प्रबंधन के अनुसार, अब तक करीब 60 लोगों ने रकम में हेरफेर की शिकायत की थी। इनमें से बृहस्पतिवार शाम तक 50 खाताधारकों को 22 करोड़ रुपये से अधिक वापस किए जा चुके हैं। बाकी 10 खाताधारकों की रकम भी शुक्रवार शाम तक लौटाए जाने की उम्मीद जताई गई है। रकम वापस मिलने के बाद खाताधारक केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराने में जुटे हैं, ताकि धनतेरस और दिवाली के लिए अपनी जमा पूंजी निकाल सकें। हालांकि, कई खाताधारकों की केवाईसी अभी पूरी नहीं हुई है। इस वजह से वे अपने खातों से रकम नहीं निकाल पा रहे हैं।
विज्ञापन
रकम वापस मिलने से किसानों ने ली राहत की सांस
दिवाली से पहले जमा पूंजी वापस मिलने से किसानों और अन्य खाताधारकों ने राहत महसूस की है। उनका कहना है कि बैंक के नए कर्मचारी देर रात तक काम कर रहे हैं। उनकी मेहनत से ही इतने कम समय में बड़ी संख्या में लोगों की रकम वापस मिल पा रही है। नए स्टाफ के कामकाज से बैंक के प्रति भरोसा भी बढ़ा है। अधिवक्ता प्रदीप भाटी ने बताया कि नए कर्मचारियों ने काफी मेहनत की है। इससे खाताधारकों का भरोसा दोबारा मजबूत हुआ है।
वहीं, विनीत भाटी ने बताया कि उनके खाते से 25 लाख रुपये गायब हुए थे, जो अब वापस मिल गए हैं। हालांकि, जब तक सभी पीड़ितों को मूलधन और ब्याज सहित पूरी रकम नहीं मिल जाती, वह दूसरे प्रभावित किसानों और खाताधारकों के साथ खड़े रहेंगे। उनका कहना है कि अभी कुछ लोगों की रकम वापस आनी बाकी है। बैंक की ओर से शुक्रवार तक भुगतान का भरोसा दिया गया है, लेकिन काम का दबाव अधिक होने के कारण कुछ खाताधारकों को दीपावली के बाद तक इंतजार करना पड़ सकता है।