प्रधानमंत्री बताएंगे गांवों के विकास का फार्मूला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘ग्राम उदय से भारत उदय’ अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंचायत सदस्यों को गांवों के विकास का फार्मूला बताएंगे। झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में फरीदाबाद, गुडग़ांव, पलवल, मेवात समेत प्रदेशभर से 100 पंचायत सदस्य शामिल होंगे।
गुडग़ांव के जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी रिषी कुमार डांगी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उक्त जिलों से 30-30 पंचायत सदस्यों के नाम की सूची राज्य सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव नवराज सिंह संधू को भेजी गई है। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पंचायत सदस्यों को प्रधानमंत्री मोदी 24 अप्रैल को संबोधित करेंगे।
जमशेदपुर में 14 से 24 अप्रैल तक डॉ. अंबेडकर जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री शिरकत करेंगे। ग्राम उदय से भारत उदय अभियान में हरियाणा समेत प्रदेशभर से पंचायत सदस्यों को बुलाया गया है। जिला पंचायत एवं विकास विभाग सूत्रों का कहना है कि राज्य सरकार ने 30 पंचायत सदस्यों के नाम मांगे हैं।
इनमें हर ब्लॉक से एक-एक जिला परिषद सदस्य, दो-दो ब्लॉक समिति सदस्य और गांवों के सरपंच शामिल हैं। उनमें से चयन करके प्रदेशभर से 100 पंचायत सदस्य पीएम के कार्यक्रम में हिस्सा लेने जमशेदपुर जाएंगे। प्रदेशभर के पंचायत सदस्य 23 अप्रैल को जमशेदपुर पहुंचेंगे और 24 अप्रैल के कार्यक्रम में गांवों के विकास फार्मूले को प्रधानमंत्री से जानेंगे।
इन मुद्दों पर होगा जोर
कार्यक्रम में सरकार की विकास योजनाओं पर ज्यादा जोर दिया जाएगा। पंचायत सदस्यों को पंचायती राज व्यवस्था, ग्राम पंचायत एवं उनके कार्य, ग्राम पंचायतों की बैठकें, प्लानिंग, ग्राम पंचायतों के बजट, सरकार की योजनाएं जैसे मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि में उनकी भूमिका के बारे में बताया जाएगा। इसके अलावा गांव के बेहतर विकास के लिए बनाई जाने वाली योजनाओं के फार्मूले बताए जाएंगे। इसका मकसद छोटी सरकार चलाने के लिए सदस्यों को प्रॉपर जानकारी देना है।
पंचायत सदस्यों के नामों की सूची राज्य सरकार को भेज दी गई है। सरकार जिन सदस्यों को चयनित करेगी, उन्हें ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में ले जाया जाएगा। सदस्यों को लेकर वह ट्रेन के जरिये जमशेदपुर 23 अप्रैल को पहुंचेंगे। खर्च विभाग वहन करेगा।- रिषी कुमार डांगी, नोडल अधिकारी एवं डीडीपीओ गुडग़ांव