दिल्ली: पीएम मोदी के भाषण सुन पुलिसकर्मियों ने बदले व्हाट्सएप डीपी, जानें क्या है पूरा मामला
गृहमंत्री अमित शाह ने 31 अक्तूबर को पुलिस के जवानों की जमकर तारीफ की थी। पुलिसकर्मी इस तारीफ को भूले भी नहीं होंगे कि रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलिस के जवानों की तारीफ की। इसके बाद से खासकर दिल्ली पुलिस के जवानों का मनोबल एकदम बढ़ गया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के भाषण का वीडियो व टीवी से खींचे स्क्रीन शॉट एक-दूसरे को भेजना शुरू कर दिया था। कई पुलिसकर्मियों ने भाषण के अंश वाला स्क्रीन शॉट अपने व्हाट्सएप के डीपी में लगा लिया था। पुलिस अधिकारी भी मानते है कि इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा।
रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री ने कहा कि पुलिस किसी की जाति व धर्म नहीं देखती। इसकी परवाह किए बिना हमेशा साथ खड़ी रहती है। दिल्ली में पिछले दिनों अनाज मंडी की जिस बिल्डिंग में आग लगी थी, वहां पुलिसकर्मी ने किसी का धर्म नहीं पूछा। बिना धर्म पूछे आग के दौरान बिल्डिंग में घुसी और लोगों की जान बचाई। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमले होते हैं। दिल्ली में पिछले दिनों पुलिसकर्मियों पर हमले हुए। उन्होंने लोगों से अपील की कि पुलिसकर्मियों का सम्मान होना चाहिए। किसी की भी परेशानी को पुलिस अपनी परेशानी समझती है। हर परेशानी में हम पुलिस को बुलाते हैं और वह साथ खड़ी रहती है।
पूर्व सहायक पुलिस आयुक्त ने क्या कहा?
हाल ही में दिल्ली के सहायक पुलिस आयुक्त पद से सेवानिवृत्त वेदभूषण का कहना है कि प्रधानमंत्री के भाषण से पुलिसकर्मियों में ऊर्जा का संचार होगा। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि पुलिसकर्मियों को लगेगा कि अब सरकार उनके साथ खड़ी है। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अनिल मित्तल भी मानते हैं कि इससे पुलिसकर्मियों में ऊर्जा का संचार होगा। प्रधानमंत्री ने पुलिसकर्मियों की इज्जत करने की बात कही है जो कि सबसे बड़ी बात है। लोगों को भी कानून का पालन करना चाहिए।