टला बड़ा हादसा: आधी रात को चार मंजिला इमारत का पिलर टूटा, अन्य पिलर्स में आईं दरारें, गिरने को तैयार इमारत
दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके की घटना बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इमारत को खाली करवाने के अलावा आसपास के मकानों को भी एहतियात के तौर पर खाली कराया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में रविवार आधी रात को एक धमाके के साथ चार मंजिला इमारत का पिलर गिर गया। बिल्डिंग के बाकी पिलर्स में भी दरारें आना लगीं। पड़ोसियों को पता चला तो फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फौरन पूरी इमारत को खाली करवा लिया गया।
आसपास के कुछ मकानों को भी एहतियात के तौर पर खाली करवा लिया गया। रात को ही जिला प्रशासन के अलावा नगर निगम के अधिकारियों को खबर दी गई। सोमवार को इमारत पर सपोर्ट लगाकर उसे गिरने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि इमारत का गिरना तय है, लेकिन फिलहाल उसे रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि रविवार रात करीब 1.00 बजे उनकी टीम को सूचना मिली कि फतेहपुर बेरी इलाके में एक मकान का पिलर टूट गया है। बिल्डिंग बस गिरने वाली है। सूचना मिलते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई। फौरन थाने के स्टाफ को वहां भेजा गया। पुलिस टीम ने तुरंत इमारत को खाली करवाया।
इसके अलावा एहतियात के तौर पर बाकी इमारतों को भी खाली करवाया गया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि इमारत करीब 15 साल पुरानी है। कमजोर होने की वजह से इसके पिलर अचानक टूट गए। बाकी में दरार आ गई है। गनीमत यह रही है कि अचानक इमारत गिरी नहीं। अगर ऐसा होता तो जानमाल का बड़ा नुकसान होता।
एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बरसात के मौसम में जर्जर इमारतों के गिरने का खतरा रहता है। ऐसे में जिला प्रशासन व नगर निगम ऐसी इमारतों की पहचान कर समय से पहले ही कार्रवाई करे। ऐसा करने से समय रहते लोगों की जान को बचाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस फतेहपुर बेरी वाले मामले में नजर रखे हुए है।