ट्रेनों के निरस्त होने से परेशान मुसाफिर, सियालदाह राजधानी में खाने को जमकर हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोहरा ही नहीं अब ट्रेनों के निरस्त होने के कारण भी यात्री परेशान होने लगे हैं। रविवार को कोहरे के कारण तो कम मुसाफिर परेशान दिखें, क्योंकि अन्य दिनों के मुकाबले महज 26 ट्रेनें घंटों देरी से चलीं और 16 ट्रेनें को ही परिवर्तित समय से चलाया गया, लेकिन 32 जोड़ी ट्रेनों के निरस्त रहने के कारण यात्रियों की परेशानी में कमी नहीं दिखी।
हालांकि रेलवे का कहना है कि ट्रेनों के 15 जनवरी तक निरस्त रखने के पीछे यही वजह है कि अन्य ट्रेनें समय पर चलें। घने कोहरे ने रेलवे की समय-सारिणी बिगाड़ दी है तो यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को भी ट्रेन अपनी पूरी रफ्तार से नहीं चल पाईं। नई दिल्ली, आनंद विहार, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर यात्री बेहद परेशान दिखे।
कोई ट्रेन निरस्त होने के कारण अनारक्षित बर्थ में यात्रा करने को मजबूर दिखा तो कोई ट्रेन के इंतजार में। पूछताछ काउंटर पर यात्री ट्रेन की जानकारी लेते रहे। नीलांचल एक्सप्रेस सुबह सवा छह की जगह आठ बजे पहुंची तो नॉर्थ इस्ट एक्सप्रेस आनंद विहार स्टेशन से सुबह 6:45 की जगह देर शाम 7:30 बजे के लिए पुनर्निर्धारित की गई। पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति तो रात 11:45 की जगह देर रात ढाई बजे के लिए पुनर्निर्धारित की गई।
पेंट्री कार मैनेजर का आईकार्ड फर्जी
परेशानी सिर्फ स्टेशनों पर ही नहीं है, बल्कि ट्रेनों में भी बुरा हाल है। एक्सप्रेस ट्रेनों की हालत तो खराब है ही वीआईपी राजधानी ट्रेनों में भी लगातार शिकायत मिल रही हैं। सियालदाह राजधानी ट्रेन में तो यात्रियों ने शनिवार की रात व रविवार की सुबह जमकर हंगामा भी किया।
खराब खाने व कोच में गंदगी को लेकर एक दर्जन से अधिक शिकायत दर्ज की गईं। यात्रियों के शिकायत पर इस ट्रेन में पेंट्री कार मैनेजर के फर्जी आईकार्ड पर भी हंगामा हुआ। उसे यात्रियों ने जीआरपी के हवाले भी किया। इस ट्रेन के कोच नंबर बी-6 में बिजली की सप्लाई को लेकर भी यात्रियों ने आपत्ति जताई। ओवर हेड वायर टूट जाने के कारण ट्रेन घंटों लेट चली।
परिवर्तित समय से रवाना होनी वाली ट्रेनें
स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस नई दिल्ली से 8:35 की जगह देर रात 12:30 बजे के लिए पुनर्निर्धारित की गई।
पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 11:50 की जगह सोमवार सुबह 3 बजे के लिए निर्धारित की गई।
महानंदा एक्सप्रेस सुबह 6:35 की जगह 8 बजे रवाना हुई।
सियालदाह राजधानी शाम 4:25 की जगह देर शाम 7:40 बजे रवाना हुई।
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 11:35 की जगह दोपहर बाद 3 बजे रवाना हुई।
दिल्ली-फिरोजपुर एक्सप्रेस सुबह 6:45 की जगह 10 बजे रवाना हुई।