एटलस साइकिल कंपनी के मालिक की पत्नी की मौत में आया नया मोड़, एसएमएस से खुल सकता है राज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साइकिल कंपनी एटलस के मालिकों में से एक संजय कपूर की पत्नी नताशा कपूर (57) के मोबाइल से एसएमएस मिले हैं। इन एसएमएस के जरिए नताशा किसी से अपने पैसे वापस मांग रही है। एक मैसेज में नताशा ने लिखा है कि उसे पैसे की बहुत जरूरत है और उसके पैसे जल्द उसे ट्रांसफर कर दिए जाएं। हालांकि परिजनों ने इस बात से इंकार किया है कि नताशा ने किसी को पैसे दे रखे थे। कितने पैसे, किसको और कब दिये थे, ये बातें परिजनों को पता नहीं है। पुलिस नताशा के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवा रही है। पुलिस ये देख रही है कि नताशा ने आखिरी बार किस से बात की थी।
नताशा की पोस्ट मोर्टम रिपोर्ट में फांसी लगाने से मौत की बात सामने आई है। शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने ये खुलासा किया है। थाना तुगलक रोड पुलिस ने बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
एटलस कंपनी के मालिकों में से एक संजय कपूर की पत्नी नताशा की मंगलवार दोपहर को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। नताशा ने मंगलवार दोपहर को खाना नहीं खाया तो नौकर ने उन्हें ढूंढा। नताशा नहीं मिली तो नौकर ने ये बात उनके बेटे सिद्धांत कपूर को बताई। सिद्धांत ने ढूंढा तो नताशा ने बाथरूम में चुन्नी के जरिए फांसी लगा रखी थी।
नताशा को नीचे उतारा गया और सीपीआर दी गई। डॉक्टर को घर पर बुलाया गया। डॉक्टर ने नताशा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घर में मंदिर से जो पत्र मिला है उसमें नताशा ने लिखा है कि मौत के लिए वह खुद जिम्मेदार है। वह अपनी जिंदगी खुद ले रही है। पत्र में बेटे व पति के लिए लिखा है कि वह उनको बहुत प्यार करती है।
परिजन पत्र की हैंडराइटिंग को नताशा की बता रहे हैं। पुलिस हैंडराइटिंग की जांच कराएगी। पुलिस ने नताशा के मोबाइल को जब्त कर लिया है। पुलिस आर्थिक तंगी के नजरिये से भी जांच कर रही है।