प्याज की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के आसार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी दिल्ली की मंडियों में प्याज की आवक कम होने से कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है। आढ़तियों की मानें तो आने वाले समय में दूसरे राज्यों से आवक कम होने से थोक बाजार में प्याज का दाम पचास रुपये तक पहुंच सकता है। इसका सीधा असर खुदरा बाजार पर पड़ेगा।
राजधानी की मंडियों में पिछले एक हफ्ते में प्याज की आवक में गिरावट आई है। रोजाना सौ ट्रक की आवक वाली आजादपुर मंडी में सोमवार को सिर्फ 45 ट्रक प्याज ही आया।
दो दिनों में 81 ट्रक प्याज राजस्थान, जबकि नौ ट्रक प्याज मध्य प्रदेश से आया। आढ़तियों की मानें तो थोक बाजार में राजस्थानी प्याज की कीमत 15-20 रुपये प्रति किलो व मध्य प्रदेश की 20-25 रुपये के बीच रही। सोमवार को प्याज का दाम पिछले हफ्ते से आठ रुपये ज्यादा रहा।
इस बार ज्यादा आंसू निकाल सकती है प्याज
प्याज एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरिंदर बुद्धिराजा के मुताबिक आने वाले समय में राजस्थान की प्याज की आवक कम होगी। इसकी जगह नासिक और मध्य प्रदेश की प्याज लेगा, लेकिन इन दोनों राज्यों में पैदावर कम होने से आवक सामान्य नहीं हो सकती। बाजार के रुख को देखते हुए प्याज की कीमत पचास रुपये तक जा सकती है। उन्होंने बताया कि अगस्त के मध्य तक नई फसल आने के बाद राहत मिलने की उम्मीद है।
मंडी में प्याज की कीमत बढ़ने का सीधा असर खुदरा बाजार में दिखा। बाजार में राजस्थानी प्याज तीस रुपये की दर से बिका। कारोबारियों का कहना है कि पीछे से फिलहाल प्याज कम आ रहा है।
कालीबाड़ी मार्ग पर प्याज की दुकान पर बैठे गोपाल चंद ने बताया कि अब जब मंडी में प्याज की कीमत बीस रुपये तक है तो परिवहन आदि खर्च को जोड़ने के बाद तीस रुपये में बेचना ही पड़ेगा। नहीं तो लागत भी नहीं निकल पाएगी। वहीं, रामदीन ने कहा कि मध्य प्रदेश का प्याज चालीस रुपये तक मिल रहा है।