जय शाह मामले में बोले राहुल- बेटी बचाओ से बेटा बचाओ पर आई मोदी सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह के स्वामित्व वाली कंपनी के टर्नओवर में कथित तौर पर भारी बढ़ोतरी से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला है। राहुल ने मंगलवार को कहा कि सरकार ‘बेटी बचाओ’ से ‘बेटा बचाओ’ में बदल गई है।
राहुल ने ट्वीट किया ‘बेटी बचाओ से, बेटा बचाओ के रूप में आश्चर्यजनक बदलाव आया है।’ इतना ही नहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष ने अपने ट्वीट में अमित शाह के बेटे को ‘शाहजादा’ तक की संज्ञा दे डाली।
राहुल ने ट्वीट में ‘पीयूष गोयल ने जय शाह के कारोबारी टर्नओवर का बचाव किया’ शीर्षक वाली एक रिपोर्ट भी टैग की। वहीं मध्य गुजरात में अपने चुनावी अभियान के दूसरे दिन राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए उनसे सवाल पूछा कि चौकीदार की आंखों के सामने चोरी हुई लेकिन आप चुप रहे? सवाल उठता है कि आप चौकीदार हैं या साझीदार?
गौरतलब है कि राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब जय शाह के समर्थन में कई केंद्रीय मंत्रियों ने मोर्चा संभाल लिया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने सोमवार को भी इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चुप्पी तोड़ने का आग्रह किया था। कांग्रेस भी इस मामले की जांच कराने की मांग कर चुकी है।