पानी लेने गई थी रानी: टंकी पर चढ़ते समय फिसला पैर, 20 फुट की ऊंचाई से गिरते ही हुई मौत; घरवालों ने दफनाई लाश
रानी टंकी के ऊपर चढ़ने के लिए सीढ़ियों का सहारा लेकर ऊपर जाने लगी। बताया जा रहा है कि वह करीब 20 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गई थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीढ़ियों से नीचे गिर गई।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के दनकौर स्थित दौला रजपुरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवती की पानी की टंकी से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के मुताबिक, मृतक के परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही शव को दफना दिया।
पानी लेने गई थी रानी
गांव निवासी सलीम की 25 वर्षीय बेटी रानी सोमवार सुबह को परिवार के अन्य लोगों के साथ खेत में गेहूं की कटाई कर रही थी। इसी दौरान वह खेत से कुछ दूरी पर स्थित प्रदेश सरकार द्वारा निर्मित पानी की टंकी परिसर में पानी लेने के लिए गई थी।
मौके पर ही हो गई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रानी टंकी के ऊपर चढ़ने के लिए सीढ़ियों का सहारा लेकर ऊपर जाने लगी। बताया जा रहा है कि वह करीब 20 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गई थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीढ़ियों से नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिवार ने दफनाया शव
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।। बताया जा रहा है कि परिजनों ने बिना पुलिस को सूचित किए और बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही युवती के शव को दफना दिया गया। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती का संतुलन बिगड़ने से वह टंकी से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से पोस्टमॉर्टम से इनकार करने के कारण मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।