ग्रेटर नोएडा। कोरोना महामारी में भी अवसर तलाशकर कालाबाजारी करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्राइम ब्रांच और बिसरख कोतवाली पुलिस ने रविवार को ऑक्सीजन की कालाबाजारी में ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी-2 निवासी महिला और उसके चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली से ऑक्सीजन खरीदकर दस गुना अधिक कीमत पर ग्रेनो वेस्ट में कालाबाजारी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो बड़े ऑक्सीजन सिलिंडर और कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, बिसरख पुलिस व क्राइम ब्रांच गौतमबुद्धनगर की टीम को सूचना मिली थी कि एक महिला कोरोना संक्रमित पीड़ितों के परिजनों से संपर्क कर ऑक्सीजन की कालाबाजारी कर रही है। दोनों टीमों ने संयुक्त कार्रवाई कर गौड़ सिटी के सामने से एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी एक कार में ऑक्सीजन के दो बड़े सिलिंडर लेकर खड़े थे। आरोपियों की पहचान गौड़ सिटी-2 सोसाइटी निवासी मोनिका अग्रवाल और उसके चालक पीयूष शर्मा के रूप में हुई है। पीयूष शाहदरा दिल्ली का रहने वाला है, लेेकिन फिलहाल गौड़ सिटी में रहता है। पीयूष की मदद से ही मोनिका दिल्ली से ऑक्सीजन कम रुपये में खरीदकर उसे दस गुना अधिक कीमत में बेच देती थी। पुलिस को दोनों आरोपियों ने बताया कि वह दूसरी बार दिल्ली से ऑक्सीजन कम कीमत में खरीदकर अधिक कीमत में बेचने का प्रयास कर रहे थे।