Monsoon Update: कहीं बारिश का मजा ले रहे लोग, कहीं आफत बने बदरा, पढ़ें आपके शहर का क्या है हाल
मानसून के सक्रिय होने के साथ ही अलग-अलग राज्यों में इसका अच्छा-बुरा असर देखने को मिल रहा है। कहीं लोगों को बारिश की फुहार से राहत मिल रही है तो कुछ इलाकों में यही बारिश मुसीबतों का सबब बनी हुई है। सबसे ज्यादा परेशानी का सामना पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को करना पड़ रहा है। हालांकि राजधानी व आसपास के शहरों की हालत भी कुछ ठीक नहीं है। गांवों में लोग बदरा को देख जितने खुश हैं, शहरों में बादल उतनी ही तबाही मचा रहे हैं। आइए जानते हैं कहां कैसा है मौसम का हाल-
विस्तार
उत्तराखंड: कहीं थोड़ी राहत, तो कहीं अभी भी जारी है बारिश
उत्तराखंड में बारिश के बीच सड़कों के खुलने-बंद होने का सिलसिला जारी है। प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे समेत कुल 250 सड़कें अवरुद्ध हैं। लगातार तीन दिन से जारी बारिश मंगलवार को राजधानी देहरादून समेत कुछ जगहों पर थम गई है, लेकिन कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। वहीं, मौसम विभाग ने आज बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर...
दिल्ली-एनसीआर: खूब बरस रहे बदरा
दिल्ली-एनसीआर से रूठा हुआ मानसून रविवार से झूम कर बरस रहा है। रविवार आधी रात से बारिश का ऐसा दौर शुरू हुआ जो कि सोमवार शाम तक जारी रहा और अब तक रुक रुक कर बरस रहा है। इस बारिश से तापमान सामान्य से आठ डिग्री तक लुढ़क गया। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को भी बारिश होते रहने की संभावना जताई है। पढ़ें पूरी खबर...
जम्मू-कश्मीर: बारिश के कारण कई इलाकों में भारी नुकसान
जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। लगातार हो रही तेज बारिश से कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। कश्मीर के कठुआ जिले में सबसे ज्यादा 130 एमएम बारिश हुई। वहीं जम्मू के कटड़ा में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 99 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
जम्मू संभाग में मकान ढहने, सड़कें बहने और पुलिया टूटने समेत कई घर क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। वहीं, आज भी भारी बारिश के आसार हैं, जिससे बाढ़, भूस्खलन का खतरा बना रहेगा। जिला पुलिस रामबन ने लोगों को आज नेशनल हाईवे-44 पर यात्रा से बचने की सलाह दी है। पढ़ें पूरी खबर...
वाराणसी: बारिश से किसान खुश
सुबह से उमस परेशानी बढ़ा रही है, वहीं हवा के झरोखे भी चल रहे हैं। आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिसके कारण आज भी बारिश का मौसम बना हुआ है। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश की वजह से लोगों गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। तापमान में भी गिरावट आई है। वहीं, बारिश से किसान भी खुश नजर आ रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने आज भी बारिश की संभावना जताई है। उनका कहना है कि यह मौमस अगले कई दिनों तक बना रह सकता है। पढ़ें पूरी खबर...
कानपुर: इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी
कानपुर समेत आसपास के शहरों में बादल जमकर बरस रहे हैं। कामपुर में 25 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली है। इस सीजन में पहली बार मानसूनी बारिश लगातार हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से 22 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इसमें कानपुर-बुंदेलखंड का क्षेत्र भी शामिल है। घाटमपुर, बिल्हौर, कानपुर देहात, बांदा, चित्रकूट, इटावा, औरैया, उरई व फतेहपुर के क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। पढ़ें पूरी खबर...
आगरा: मानसून के कारण गिरा तापमान
अभी तक आगरा प्रदेश के सबसे गर्म शहरों की टॉप तीन की सूची में शामिल था, लेकिन मानसून की मेहरबानी से अब यह प्रदेश के सबसे ठंडे पांच शहरों में शुमार हो गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान मुजफ्फर नगर का रहा, जबकि आगरा पांचवें नंबर पर रहा। दिन और रात के तापमान में महज दो डिग्री सेल्सियस का ही अंतर रह गया, जबकि अभी तक यह अंतर 12 से 15 डिग्री सेल्सियस का था। पढ़ें पूरी खबर...
पश्चिमी यूपी में अच्छी बारिश के आसार
मानसून की बारिश ने पश्चिमी यूपी में लोगों को गर्मी से राहत दी है वहीं किसानों के चेहरे भी खिले हुए हैं। सोमवार को जहां कई जिलों में अच्छी बारिश हुई, वहीं मंगलवार को भी सुबह से ही आसमान पर बादल छाए हुए हैं। वेस्ट यूपी के अधिकतर जिलों में मौसम खुशनुमा दिखाई पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 48 घंटे तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। वेस्ट यूपी में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। पढ़ें पूरी खबर...
हिमाचल प्रदेश: 25 जुलाई तक खराब रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 25 जुलाई तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। उधर, चंबा में भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे गैहरा के पास भूस्खलन से बाधित हो गया है। हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित है। वहीं, चंबा-तीसा मार्ग भारी बारिश के बाद भूस्खलन से नकरोड बाजार के पास बंद हो गया। पढ़ें पूरी खबर...