फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   We will return those who looted, robbers will go to jail: Modi

जिसका लूटा, उसे लौटाएंगे, लुटेरे जेल जाएंगे : मोदी

Wed, 22 May 2024 09:22 PM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Wed, 22 May 2024 09:22 PM IST
विज्ञापन
We will return those who looted, robbers will go to jail: Modi
द्वारका में आयोजित चुनावी रैली में प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार पर किया प्रहार
विज्ञापन

कहा- देश तय करे भाजपा का राष्ट्र प्रथम चाहिए या गठबंधन का फैमिली फर्स्ट


अमर उजाला ब्यूरो

नई दिल्ली।
पश्चिमी दिल्ली संसदीय सीट के द्वारका में बुधवार को आयोजित चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जिसे लूटा गया है, भाजपा सरकार उसका धन लौटाएगी। वहीं, जिसने लूटा है, उसे चुन-चुनकर जेल पहुंचाएगी। शराब घोटाला व नेशनल हेराल्ड की हेराफेरी करने वालों से पाई-पाई वसूली जाएगी। उन्होंने इस घोषणा को मोदी की गांरटी करार दिया।
उन्होंने कहा कि इन दिनों लाखों-करोड़ों रुपये मिल रहे हैं। पिछले दिनों ही 22 हजार करोड़ रुपये पकड़े गए। चुनाव की घोषणा के बाद से ही नौ हजार करोड़ रुपये जब्त हुए। जिससे यह पैसा लूटा गया है, वे एक-एक पाई लौटाएंगे। इसके लिए वे कानूनी सलाह ले रहे हैं। जो पैसा मिला है वह देश के किसी न किसी नागरिक का होगा। इसका स्रोत पता किया जा रहा है। जिससे भी यह पैसा लिया गया है, उसे लौटाया जाएगा। जो इसके लुटेरे हैं, वे कोई भी हों, उनका जेल में जाना तय है।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री केजरीवाल पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि दिल्लीवाले भ्रष्टाचारियों का खेल देख रहे हैं। इन लोगों ने दिल्ली के लोगों को लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ा। अदालत भी इनकी लूट देखकर हैरान है। भ्रष्टाचार मिटाने के दम में सत्ता में आए खुद भ्रष्टाचारी हो गए हैं। बीते दिनों के अदालत के निर्णय से इस बात का पता भी चल रहा है। कांग्रेस के शहजादे ने खुद मान लिया है कि उनके दादा-दादी व पिता के समय में जो सिस्टम बना, वह अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़ों का विरोधी रहा है। यह गठबंधन घोर भ्रष्टाचारी हैं। ये वे लोग हैं, जिनके पास से नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं। रंगे हाथों लोग पकड़े जा रहे हैं। गठबंधन वाले गरीब की प्रॉपर्टी का एक्सरे कराना चाहते हैं। पीएम ने गारंटी दी कि बड़ी ताकत के साथ बिना डरे हुए, बिना थके हुए और बिना दबाव में आए 10 साल में जितना शिकंजा कसा है, उससे भी ज्यादा इन भ्रष्टाचारियों के संपत्ति का एक्सरे होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

---

गठबंधन घोर सांप्रदायिक, जातिवादी और परिवारवादी
रैली में पीएम ने एक बार फिर गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गठबंधन में तीन चीजें समान हैं। यह घोर सांप्रदायिक, जातिवादी और परिवारवादी है। दिल्ली के खान मार्केट गैंग ने इन घोर सांप्रदायिक लोगों की रक्षा करने में जिंदगी खपा दी, उनके पापों को देश की जनता से छिपाने का पाप किया है। अब समय इन घोर सांप्रदायिक लोगों को सबक सिखाने का समय है। पीएम ने मुस्लिम समुदाय से भी अपील की वे ऐसे लोगों की पहचान करें। उन्होंने कहा कि खान मार्केट गैंग के पास एक ही मुद्दा है कि मोदी जितनी बार भी मुसलमान शब्द बोले, वह सांप्रदायिकता का भाषण कर रहा है। बाटला हाउस एनकाउंटर पर आंसू बहाना, तीन तलाक का विरोध करना, सीएए के विरोध में नारे लगाने का काम भी यही गैंग कर रहा है। साथ में यह भी कह रहा है कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। यह लोग देश के बजट का 15 फीसदी अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित करना चाहते हैं। बैंक के लोन, सरकारी ठेके में भी मुसलमानों के लिए आरक्षण चाहते हैं।
कांग्रेस की छतरी के नीचे खड़ा हर दल सिख दंगे का गुनहगार

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में वे एक लड़ाई लेकर निकले हैं। जिन लोगों ने भारत के संविधान के साथ धोखा किया है, अब समय आ रहा है कि ऐसे घोर सांप्रदायिक लोगों को देश पहचाने। सिख विरोधी दंगे का जिक्र करते हुए पीएम ने दिल्लीवालों से सवाल किया कि इसी दिल्ली में गले में टायर बांधकर सिख भाई-बहनों को जिंदा जलाया गया था। यह गुनाह किसका था? आज कांग्रेस की छतरी के नीचे खड़ा हर दल सिख दंगे का गुनहगार है। यह मोदी ही है, जो सिख दंगे के पीड़ितों को न्याय दिला रहा है। केंद्र सरकार में आने के बाद ही एसआईटी का गठन किया। आरोपी कांग्रेस नेता खुलेआम घूम रहे थे, उन्हें सजा दिलवाई। उनकी तुष्टीकरण की सनक हर हद पार कर रही है।

जामिया मिल्लिया के आरक्षण पर सवाल
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने उच्च शैक्षणिक संस्थानों में एससी-एसटी-ओबीसी भाई-बहनों का हक छीनने का काम किया। पूरा देश इसे जानता है। कांग्रेस सरकार ने चुपचाप एक चाल चली। अचानक जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय को अल्पसंख्यक संस्थान घोषित कर दिया। इससे 50 प्रतिशत आरक्षण मुसलमानों के लिए लागू हो गया। इससे अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों का हक छीन लिया गया।
60 साल बनाम 10 साल में तुलना

पीएम ने कांग्रेस मॉडल और भाजपा मॉडल में फर्क बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए परिवार सबसे पहले है, जबकि भाजपा के लिए राष्ट्र। 60 साल बनाम 10 साल में तुलना करते हुए पीएम ने कहा कि कांग्रेस और गठबंधन वालों को न आगे की सोचने की फुर्सत है और न ही क्षमता है। इन लोगों ने 60 साल तक भारत के सामर्थ्य के साथ अन्याय किया है। आपराधिक कृत्य किया है। 140 करोड़ का इतना बड़ा देश, भारत को जो स्पीड चाहिए, जो स्केल चाहिए वह एकमात्र भाजपा सरकार ही दे सकती है। कांग्रेस हर दिन 12 किलोमीटर ही हाईवे बनवा पाती थी, जबकि मोदी सरकार हर रोज 30 किलोमीटर हाईवे बनवा रही है। कांग्रेस 60 साल में ज्यादा से ज्यादा 70 एयरपोर्ट बनवा पाई थी, मोदी ने 10 साल में 70 नए एयरपोर्ट बना दिए। कांग्रेस 60 साल में 380 मेडिकल कॉलेज बनवा पाई, जबकि मोदी ने सिर्फ 10 साल में सवा तीन सौ से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज बनवा दिए। कांग्रेस के समय 7 एम्स थे। आज 22 से अधिक एम्स हैं। कांग्रेस के राज में 75 प्रतिशत से ज्यादा लोगों के पास नल कनेक्शन नहीं था, आज 75 प्रतिशत लोगों के घर में नल से जल आ रहा है। कांग्रेस ने 60 साल में 14 करोड़ से भी कम गैस कनेक्शन दिए थे, मोदी ने अपने 10 साल में 18 करोड़ से ज्यादा नए गैस कनेक्शन दिए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में भारत सरकार कनेक्टिविटी व विनिर्माण पर करोड़ों खर्च कर रही है। इससे न सिर्फ यातायात के संसाधन बेहतर हो रहे हैं, बल्कि कूड़े के पहाड़ों को कम करने में मदद मिल रही है। ओखला और गाजीपुर का कचरा, डेढ़ लाख मीट्रिक टन कचरे को रोड बनाने में लगाया गया। दिल्ली में नया संसद बना है, यशोभूमि पार्क, भारत मंडपम समेत कई विकास के कार्य हुए हैं। इससे पर्यटन का बढ़ावा मिल रहा है। टूरिज्म का हब होगा जो रोजगार का माध्यम बनेगा। दिल्ली के लोगों की सहूलियत पर भी मोदी का ध्यान है।
----
दमदार सरकार और दमदार पीएम दिल्ली का दायित्व है

पीएम ने कहा कि दिल्ली देश का दिल है। दमदार सरकार और दमदार पीएम देना दिल्ली का दायित्व है। मतदान ज्यादा से ज्यादा करवाना है। पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ना है। उन्होंने दिल्ली वालों को गारंटी दी कि भ्रष्टाचारियों को छोड़ेंगे नहीं। दिल्ली की जनता दो शब्द से निर्णय कर सकती है कि सरकार किसकी बनेगी। भाजपा का है नेशन फर्स्ट और गठबंधन का है फैमिली फर्स्ट। अब देश निर्णय करें कि राष्ट्र पहले चाहिए या परिवारवाद।

--------
रैली में मौजूदगी

द्वारका की रैली में भाजपा के उत्तरी दिल्ली के प्रत्याशी योगेंद्र चंदौलिया, पश्चिम दिल्ली की प्रत्याशी कमलजीत सहरावत, दक्षिण दिल्ली के प्रत्याशी रामवीर सिंह बिधूड़ी व नई दिल्ली सीट से प्रत्याशी बांसुरी स्वराज मंच पर उपस्थित रहे। वहीं, मौजूदा सांसद मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी और प्रवेश वर्मा के अलावा मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंंद्र सचदेवा, अरविंद सिंह लवली, राजकुमार चौहान भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed