चौकी प्रभारी पर ग्रामीण से मारपीट का आरोप, डीसीपी कार्यालय पर प्रदर्शन
ग्रेटर नोएडा। बिलासपुर चौकी प्रभारी इंचार्ज और व अन्य पुलिसकर्मियों पर एक ग्रामीण के साथ अभद्रता व मारपीट का आरोप लगा है। करप्शन फ्री इंडिया के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नॉलेज पार्क स्थित डीसीपी ग्रेटर नोएडा राजेश कुमार सिंह के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। एडीसीपी विशाल पांडेय ने कार्यकर्ताओं को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि चौकी प्रभारी संजीव राठी व पुलिसकर्मियों ने पिछले सप्ताह जुनैदपुर गांव निवासी राकेश के साथ अभद्रता और मारपीट की थी। आरोप है कि राकेश की चलती गाड़ी का नो पार्किंग का चालान काट दिया गया। साथ ही लाइसेंस व नंबर प्लेट होते हुए भी चालान काटा गया। विरोध करने पर चौकी इंचार्ज व अन्य ने राकेश की पिटाई कर दी थी। इस घटना को लेकर लोगों में रोष है। अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर संगठन ने प्रदर्शन किया। प्रवीण भारतीय का कहना है कि यदि पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं गई तो कार्यकर्ता दनकौर कोतवाली पर आमरण अनशन करेंगे। इस मौके पर दिनेश नागर, प्रेम प्रधान, राकेश नागर, त्रिलोक नागर, जितेंद्र भाटी, दीपक पचायतन, दिनेश कुमार, नकुल भाटी, संजय पहलवान, कृष्ण नागर और हरेंद्र कसाना मौजूद रहे।