Greater Noida: यूपी रेरा ने 13 बिल्डरों पर लगाया 1.77 करोड़ का जुर्माना, एक महीने का दिया समय
सबसे अधिक गार्डेनिया इंडिया लिमिटेड बिल्डर पर 62.13 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं थ्री सी ग्रीन डेवलपर्स बिल्डर पर सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने एनसीआर क्षेत्र के 13 बिल्डरों पर 1.77 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। आदेशों का पालन नहीं करने पर जुर्माना लगाया गया है। बिल्डरों को एक माह के अंदर जुर्माने की धनराशि जमा करने को कहा गया है। साथ ही बिल्डरों को 15 दिन के अंदर आदेशों का पालन कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
सबसे अधिक गार्डेनिया इंडिया लिमिटेड बिल्डर पर 62.13 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं थ्री सी ग्रीन डेवलपर्स बिल्डर पर सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि एक माह के अंदर पैसे नहीं जमा करने वाले बिल्डरों के खिलाफ रिकवरी सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। यूपी रेरा में अभी तक 46 हजार से अधिक शिकायत आ चुकी हैं। इनमें से करीब 80 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण हो चुका है, लेकिन ज्यादातर आदेशों का पालन बिल्डरों ने नहीं किया है। खरीदार लगातार आदेश का पालन कराने की अपील यूपी रेरा से कर रहे हैं। शिकायत के बाद यूपी रेरा बिल्डर को नोटिस जारी कर आदेशों का पालन करने की चेतावनी दे रहा है। उसके बाद भी बिल्डर आदेशों का पालन नहीं कर रहे है। जिस पर यूपी रेरा जुर्माना लगा रहा है।
इन बिल्डरों पर लगाया गया है जुर्माना
- बिल्डर के नाम जुर्माना
- गार्डेनिया इंडिया लिमिटेड 62.13 लाख
- एलीगेंट इंफ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड 07.93 लाख
- रुद्रा बिल्डवेल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड 03.12 लाख
- यूनिबेरा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड 06.31 लाख
- केवी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड 06.67 लाख
- थ्री सी ग्रीन डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड 42.20 लाख
- अंतरिक्ष इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड 06.98 लाख
- अंतरिक्ष रियलटेक प्राइवेट लिमिटेड 08.90 लाख
- अनिल गुप्ता 09.02 लाख
- आइडिया बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड 06.80 लाख
- गार्डेनिया डेवलपर्स एम्स प्राइवेट लिमिटेड 07.57 लाख
- लॉजिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड 09.60 लाख
- सन सिटी हाई-टेक इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड 47 हजार
कई बिल्डर खरीदारों के हितों के प्रति असंवेदनशीलता दिखा रहे है। ऐसे बिल्डरों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। 111वीं बैठक में 13 बिल्डरों पर 1.77 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है। अन्य बिल्डरों को भी चिह्नित किया जा रहा है। - राजीव कुमार, अध्यक्ष यूपी रेरा