ग्रेटर नोएडा: हार्न बजाने पर कार सवारों पर हमला, बेसबॉल बैट से दबंगों ने की पिटाई; दो गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी में हार्न बजाने की मामूली बात पर दबंगों ने कार सवार युवक और युवतियों की बेसबॉल बैट और हॉकी डंडों से पिटाई कर कार में तोड़फोड़ कर दी। पिटाई में एक युवक के सिर में फ्रैक्चर हो गया। वहीं बिसरख कोतवाली पुलिस ने मामले में गाजियाबाद निवासी आरोपी शाहरूख (32) और अमरोहा निवासी अजीम (21) को चार मूर्ति से एटीएस की तरफ जाने वाली रोड के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त वर्ना कार, बेसबॉल बैट और डंडा बरामद किया गया है।
आम्रपाली लेजर पार्क में रहने वाले आयुष सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात करीब 1 बजे वह अपने साथियों वेदांत, आयुष, श्वेता और निशा के साथ डिनर के लिए सोसाइटी से बाहर जा रहे थे। सोसाइटी गेट के पास एक कार बीच रास्ते में खड़ी थी। मार्ग खाली कराने के लिए हार्न बजाया तो कार सवार, जो आम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी में रहने वाले अनिश और शाहरूख थे, ने इस पर आपत्ति जताई और उनकी कार का पीछा कर बाहर रोक लिया।
कुछ ही देर में फिरोज नामक व्यक्ति मौके पर पहुंच गया। तीनों बेसबॉल बैट और हॉकी डंडों से लैस थे। हमलावरों ने उनकी क्रेटा कार पर डंडों से वार कर शीशे और बॉडी को क्षतिग्रस्त कर दिया। गाली-गलौज करते हुए वेदांत समेत अन्य युवकों से मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। मारपीट में वेदांत घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
किसी तरह साथियों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और उसे ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पहले यथार्थ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मणिपाल अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार वेदांत के सिर में स्कल फ्रैक्चर है और उसका उपचार जारी है। वहीं कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।