Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   Software engineer dies after his car falls into a 30-foot-deep water-filled basement pit

Noida News: 30 फुट गहरे पानी से भरे बेसमेंट के गड्ढे में गिरी सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कार, मौत

Sat, 17 Jan 2026 08:27 PM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Sat, 17 Jan 2026 08:27 PM IST
विज्ञापन
Software engineer dies after his car falls into a 30-foot-deep water-filled basement pit
- सेक्टर-150 एटीएस ली ग्रैंडियोस के समीप टी प्वाइंट के पास हादसा
विज्ञापन

- हादसे के बाद युवक ने पिता को फोन कर दी थी सूचना, कार पर टार्च जलाकर मांगता रहा मदद, पिता के सामने गई जान
नंबर
4:30 घंटे तक पुलिस, दमकल टीम, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीम ने चलाया बचाव अभियान
500 मीटर पहले घर से हुआ हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-150 एटीएस ली ग्रैंडियोस के टी-प्वाइंट के पास शुक्रवार देर रात कोहरे में अनियंत्रित तेज रफ्तार कार नाले की दीवार तोड़कर पानी से भरे बेसमेंट के लिए बनाए गए गड्ढे में जा गिरी। युवक ने फोन कर पिता से मदद मांगी। करीब पौने दो घंटे तक कार पर खड़े होकर युवक टार्च जलाकर मदद की गुहार लगाता रहा। पिता पुलिस, दमकल, एसडीआरफ और एनडीआरफ की टीम से बेटे को बचाने की मिन्नते करते रहे। पिता की आंखों के सामने बेटा कार समेत पानी में समा गया।
पुलिस, दमकल टीम, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीम ने करीब साढ़े चार घंटे तक बचाव अभियान के बाद करीब 30 फीट गहरे पानी से युवक को निकालकर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान सेक्टर-150 स्थित टाटा यूरेका पार्क सोसाइटी निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता (27) के रूप में हुई है। अपनी आंखों के सामने बेटे को डूबता देखने वाले पिता राजकुमार मेहता ने नॉलेज पार्क कोतवाली में घटना स्थल के पास बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर नहीं होने पर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन

टाटा यूरेका पार्क सोसाइटी में निवासी राजकुमार मेहता भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के निदेशक पद से सेवानिवृत है। कुछ साल पहले बीमारी के कारण उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। बड़ी बेटी यूनाइटेड किंगडम (यूके) में रहती है। पुत्र युवराज मेहता गुरुग्राम के सेक्टर-54 स्थित डनहमबी इंडिया कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। वह वर्क फ्रॉम होम के साथ बीच-बीच में गुरुग्राम स्थित कंपनी जाते थे। शुक्रवार रात वह गुरुग्राम स्थिति कंपनी से अपनी ग्रैंड विटारा कार से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

घर से करीब 500 मीटर पहले सेक्टर-150 एटीएस ली ग्रैंडियोस के समीप टी प्वाइंट के पास कोहरे में युवराज की कार नाले की दीवार को तोड़कर पानी से लबालब भरे बेसमेंट में जा गिरी। ज्यादा पानी होने के कारण कार पलटने के बाद तैरने लगी। किसी तरह युवराज ने कार से बाहर आकर पिता को घटना की सूचना दी। पिता तुरंत डायल-112 पर सूचना देकर मौके पर पहुंचे। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद कोतवाली प्रभारी सर्वेश सिंह दमकल को सूचना देकर मौके पर पहुंचे। वहीं नॉलेज पार्क फायर स्टेशन से दमकल कर्मी भी छोटी और बड़ी क्रेन के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्रेन लगाकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर को निकालने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी।
इस दौरान युवक ने बीच-बीच में कार के ऊपर ही किसी तरह खड़े होकर टार्च जलाकर अपने जिंदा होने का सबूत देकर बचाओ-बचाओ के नारे लगाए। कोहरे के बीच प्लॉट में ठंडा पानी भरा होने के साथ निर्माणाधीन कॉलम से टकराने के डर से पुलिस और दमकलकर्मी पानी के अंदर नहीं गए। मौके पर मौजूद पिता बार-बार पुलिस और दमकल से बेटे को बचाने की गुहार लगाते रहे। मगर रात 1:45 बजे उनका पुत्र कार सहित पानी के अंदर जा समाया। कुछ देर बाद एसडीआरएफ की टीम आई। लेकिन जरूरी संसाधन नहीं होने के कारण एसडीआरएफ को कामयाबी नहीं मिल पाई।
इस बीच गाजियाबाद स्थित एनडीआरएफ को भी सूचना दी गई। करीब डेढ़ घंटे बाद गाजियाबाद से आई एनडीआरएफ की टीम ने ढाई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद गहरे पानी में स्टीमर उतारने के बाद और टार्च की रोशनी जलाकर युवराज को पानी से बाहर निकाला। उसे बेहोशी की हालत में इलाज के लिए नॉलेज पार्क स्थित कैलाश अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता, रिश्तेदारों, गांव के निवासियों, डिलीवरी ब्वॉय ने रेस्क्यू ऑपरेशन में देरी के आरोप लगाए हैं।

नोएडा प्राधिकरण की उदासीनता पड़ी भारी
पुलिस को दी तहरीर में राजकुमार मेहता ने कहा कि सेक्टर-150 के निवासियों द्वारा पहले भी नोएडा प्राधिकरण से कई बार नाले के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और साइन बोर्ड लगाने की मांग कर चुके हैं। बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिससे आए दिन हादसे होते हैं। लेकिन प्राधिकरण की उदासीनता के कारण सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। इसलिए मामले में संबंधित विभाग के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई हो। जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो सके।

कोट
प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और कोहरे के कारण वाहन से नियंत्रण खोना प्रतीत हो रहा है। कार सीधे गहरे पानी में जा गिरी। युवक के पिता ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। -सर्वेश सिंह, कोतवाली प्रभारी, नॉलेज पार्क


घटना की टाइम लाइनः
रात 12 :05 बजे -अनियंत्रित कार बेसमेंट में गिरी

12ः25 बजे -युवक ने पिता को फोन से सूचना दी
12ः30 बजे - पिता ने डायल 112 पर सूचना दी
12ः41 बजे -कंट्रोल रूम से कोतवाली प्रभारी के पास फोन आया
12ः50 बजे -पुलिस फोर्स और दमकल कर्मी घटना स्थल पर पहुंचे
1ः15 बजे -एसडीआरएफ टीम घटना स्थल पर पहुंची
1ः45 बजे - बेसमेंट में भरे पानी में कार समेत युवक डूबा
1ः55 बजे -गाजियाबाद से एनडीआरएफ टीम पहुंची
4:30 बजे -युवक को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया
नोट : समय जैसा पुलिस और परिजनों ने बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed